देश की खबरें | बीमारी के कारण बिस्तर पर पड़े व्यक्ति को पीएमएवाई के तहत सर्वश्रेष्ठ निर्माण का पुरस्कार मिला
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

भदरवाह (जम्मू कश्मीर), तीन जनवरी जम्मू कश्मीर के डोडा जिले के भदरवाह के रहने वाले 65 वर्षीय व्यक्ति केंद्र शासित प्रदेश के उन तीन निवासियों में शामिल है जिन्हें हाल में प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) के तहत ‘सर्वश्रेष्ठ निर्माण पुरस्कार’ मिला है। पुरस्कार प्राप्त करने वाला यह व्यक्ति बीमारी के कारण पिछले 15 वर्षों से बिस्तर पर है।

अब्दुल लतीफ गनई ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा, ‘‘यह योजना परिवार के लिए एक आशीर्वाद के रूप में आई है।’’

मोदी और केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये गनई को पीएमएवाई के तहत ‘सर्वश्रेष्ठ निर्माण पुरस्कार’ से सम्मानित किया।

पुरस्कार कार्यक्रम में गनई के अलावा डोडा के उपायुक्त सागर दत्तात्रय डोईफोड, भदरवाह नगर समिति के कार्यकारी अधिकारी यूसुफ-उल-उमर और डोडा में मिनी सचिवालय के अन्य अधिकारी शामिल हुए।

वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान, मोदी ने जून 2015 में शुरू की गई योजना, इसके लाभार्थियों के बारे में बात की जिनमें गरीब एवं मध्यम वर्ग के परिवारों के लाभार्थी शामिल हैं।

सर्वश्रेष्ठ निर्माण पुरस्कार के लिए चुने गए देश के कुल 88 लाभार्थियों में से तीन जम्मू-कश्मीर के हैं - जिनमें से सांबा, रामगढ़ और भदरवाह का एक-एक व्यक्ति शामिल है।

गनई ने पीटीआई- से कहा, ‘‘लंबी बीमारी के कारण, मुझे अपनी हर चीज बेचनी पड़ी और मैं अपनी पत्नी तथा दो बेटों के साथ एक कमरे में रहता हूं, लेकिन यह योजना एक बड़ी राहत के तौर पर आयी है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)