बेंगलुरु, नौ मई कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने मंगलवार को लोगों से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर उनके नाम से प्रसारित एक फर्जी पत्र पर ध्यान न दें।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने इसे ‘‘राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शरारती तत्वों की करतूत’’ बताया।
सिद्धरमैया ने एक वीडियो संदेश में कहा, ‘‘कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को संबोधित करते हुए मेरे नाम से एक फर्जी पत्र लिखा गया है। यह मेरा पत्र नहीं है। मेरे और कांग्रेस की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष डी. के. शिवकुमार के बीच विवाद पैदा करने के इरादे से कुछ शरारती तत्वों ने फर्जी पत्र लिखने की साजिश रची।’’
उन्होंने कहा कि यह पत्र फर्जी है और उन्होंने इसे खुद नहीं लिखा है। उन्होंने कहा, ‘‘आरएसएस के शरारती तत्वों ने इसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है। मैं सभी लोगों से इस पत्र पर ध्यान नहीं देने की अपील करता हूं।’’
कांग्रेस नेता ने कहा कि वह निर्वाचन आयोग और पुलिस के समक्ष शिकायत दर्ज कराएंगे और उनसे यह फर्जी पत्र लिखने में शामिल लोगों का पता लगाने और उनके खिलाफ कार्रवाई करने को कहेंगे।
कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए 10 मई को मतदान होगा और मतगणना 13 मई को होगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY