देश की खबरें | राफेल विमानों के पहुंचने पर अंबाला के लोगों ने मनाया जश्न
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय वायुसेना की शक्ति में कई गुना इजाफा करने वाले राफेल लड़ाकू विमानों के पहुंचने पर आज अंबाला के लोगों ने जश्न मनाया। उन्होंने नृत्य किया, एक-दूसरे को मिठाइयां बांटीं, तिरंगे गुब्बारे हवा में उड़ाए और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए।
अंबाला (हरियाणा), 29 जुलाई भारतीय वायुसेना की शक्ति में कई गुना इजाफा करने वाले राफेल लड़ाकू विमानों के पहुंचने पर आज अंबाला के लोगों ने जश्न मनाया। उन्होंने नृत्य किया, एक-दूसरे को मिठाइयां बांटीं, तिरंगे गुब्बारे हवा में उड़ाए और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए।
अधिकारियों द्वारा कई तरह की पाबंदियां लगाए जाने के बावजूद लड़ाकू विमानों की एक झलक पाने के लिए लोग सड़कों पर निकल आए।
यह भी पढ़े | New Education Policy 2020: नई शिक्षा नीति में इंजीनियरिंग के साथ म्यूजिक सबजेक्ट भी ले सकेंगे छात्र.
प्रशासन ने अंबाला वायुसेना स्टेशन के पास निषेधाज्ञा लागू कर दी थी जिसमें चार या इससे अधिक लोगों के एक जगह एकत्र होने पर प्रतिबंध होता है। इसके अलावा वीडियो बनाने और तस्वीरें खींचने पर भी रोक लगा दी गई थी। यहां तक कि वायुसेना स्टेशन के पास मौजूद गांवों-धुलकोट, बलदेव नगर, गरनाला और पंजखोड़ा में भी धारा-144 लागू कर दी गई थी।
हरियाणा पुलिस ने वायुसेना स्टेशन की तीन किलामीटर की परिधि में कई अवरोधक लगा दिए थे। अधिकारी वायुसेना स्टेशन के पास स्थित आवासीय इलाकों में गश्त करते देखे गए। वे लाउडस्पीकर पर लोगों को आगाह कर रहे थे कि छतों पर खड़े न हों तथा तस्वीरें न खींचें और न ही वीडियो बनाएं।
वे चेतावनी दे रहे थे कि निर्देशों का पालन न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि, प्रतिबंध लोगों के उत्साह को रोक पाने में विफल रहे और अनेक लोग जश्न मनाने के लिए सड़कों पर निकल आए, खासकर अंबाला छावनी क्षेत्र में। वे राफेल विमानों की एक झलक पाना चाहते थे।
कुछ युवक अपने फोन से वीडियो बनाते भी देखे गए।
जैसे ही राफेल लड़ाकू विमानों ने अंबाला के आकाश में प्रवेश किया, एक युवक अपने मोबाइल से वीडियो बनाते हुए अपने मित्रों को यह कहता दिखा, ‘‘राफेल है राफेल, ये राफेल था, एक और आ गया, ये पांचवां गया, बिलकुल ऊपर से गया।’’
अंबाला छावनी क्षेत्र के बाजारों में व्यापारियों और भूतपूर्व सैनिकों ने हवा में तिरंगे गुब्बारे उड़ाए तथा ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए।
भाजपा के अंबाला शहर से विधायक असीम गोयल के नेतृत्व में कुछ पार्टी कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा झंडा लिए निकले और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए।
भूतपूर्व सैनिकों के एक संगठन ने भी राफेल विमानों के अंबाला पहुंचने पर जश्न मनाया।
लोग जगह-जगह मिठाई बांठते दिखे। वे ढोल-नगाड़े के साथ नाच रहे थे।
कई जगह राफेल के स्वागत में होर्डिंग लगे नजर आए।
वायुसेना स्टेशन जाने वाली सड़क को पूरी तरह सील कर दिया गया था और किसी भी असैनिक को उधर की तरफ जाने की अनुमति नहीं थी।
मीडियाकर्मियों ने अंबाला छावनी स्थित वायुसेना स्टेशन के गेट के बाहर से रिपोर्टिंग की क्योंकि उन्हें अंदर जाने की अनुमति नहीं थी और विमानों को वायुसेना के बेड़े में औपचारिक रूप से अगले महीने शामिल किया जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)