रायरंगपुर (ओडिशा), 18 जुलाई देश के 15वें राष्ट्रपति के चुनाव के लिए सोमवार को मतदान शुरू होने के साथ ही राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के घर उत्तरी ओडिशा के छोटे से शहर रायरंगपुर में ध्यान, प्रार्थना और पूजा का आयोजन किया गया।
शहर में उत्सव का माहौल है और इसके निवासी टेलीविजन पर नजरें गड़ाए दिखे। विभिन्न समाचार चैनलों पर देश के अति विशिष्ट व्यक्तियों (वीवीआईपी) जैसे कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों को नए राष्ट्रपति का चुनाव करने के लिए वोट डालते हुए दिखाया गया।
राष्ट्रपति चुनाव को लेकर शहर में मतदान पर आम तौर पर किसी का ध्यान नहीं जाता था, लेकिन मुर्मू की वजह से इस बार शहर में विशेष रूप से आदिवासियों में जन-उत्साह दिख रहा है। मुर्मू राष्ट्रपति चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की उम्मीदवार हैं और रायसीना हिल्स तथा देश के इतिहास में अपना नाम दर्ज करने के लिए तैयार हैं।
प्रजापिता ब्रह्म कुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय केंद्र के सदस्यों ने यहां राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान के साथ एक विशेष ध्यान कार्यक्रम आयोजित किया। मुर्मू 2009 से केंद्र की सक्रिय सदस्य हैं।
ब्रह्मकुमारी सुप्रिया ने कहा, ‘‘मैडम सर्वशक्तिमान की कृपा से एक भव्य जीत हासिल करेंगी। हमारे ध्यान सत्र रोजाना सुबह 3.30 बजे से सुबह सात बजे तक आयोजित किए जाते हैं। लेकिन आज हमने समय बढ़ा दिया है और इसे मतदान पूरा होने तक एक दिन का कार्यक्रम बना दिया है।’’
उन्होंने कहा कि मुर्मू अगर वह जीत जाती हैं तो उन्होंने रायरंगपुर से ब्रह्म कुमारियों के एक प्रतिनिधिमंडल को दिल्ली में अपने शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है।
ऐसा ही नजारा कस्बे के श्री अरबिंदो इंटीग्रल स्कूल में देखने को मिला, जहां मुर्मू ने 1994 से तीन साल तक शिक्षक के रूप में काम किया था। इसके छात्र, पूर्व छात्र, उनके माता-पिता, स्कूल के शिक्षक दोनों सेवारत और सेवानिवृत्त, उनमें से कुछ उनके पूर्व साथी दिन के दौरान एक विशेष प्रार्थना में शामिल हुए।
एक शिक्षक ने कहा कि स्कूल के छात्र, जिनमें से ज्यादातर आदिवासी और दलित समुदायों से हैं, मुर्मू के इस ऊंचे स्तर तक पहुंचने को लेकर अत्यधिक प्रेरित हैं।
शहर में मुर्मू के घर के पास संथाल समुदाय द्वारा एक विशेष पूजा आयोजित की गई। संथाल समुदाय से आने वाली मुर्मू (64) राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार हैं।
मुर्मू की जन्मस्थली उपरबेड़ा गांव के निवासियों ने एक ‘महा पूजा’ का भी आयोजन किया था। इसमें आसपास के गांवों के निवासियों ने भाग लिया और चुनाव में ‘‘ओडिशा की बेटी’’ की सफलता के लिए प्रार्थना की। राष्ट्रपति चुनाव का परिणाम 21 जुलाई को घोषित किया जाएगा। नये राष्ट्रपति का शपथ ग्रहण समारोह 25 जुलाई को होगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY