नयी दिल्ली, 11 फरवरी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद दिलीप सैकिया ने मंगलवार को सरकार से अनुरोध किया कि देश के उत्तर पूर्व क्षेत्र में विभिन्न उग्रवादी संगठनों के साथ हुए शांति समझौतों को पूर्णत: लागू किया जाए।
लोकसभा में शून्यकाल में इस मुद्दे को उठाते हुए सैकिया ने कहा कि सरकार ने पिछले एक दशक में उत्तर पूर्व के अनेक उग्रवादी संगठनों के साथ 12 से अधिक शांति समझौतों पर दस्तखत किए हैं।
उन्होंने दावा किया कि पूर्वोत्तर राज्यों में उग्रवाद से जुड़ी घटनाओं में कमी आई है और सुरक्षा बलों तथा आम नागरिकों के हताहत होने के मामले भी कम हुए हैं।
भाजपा सांसद ने कहा, ‘‘मेरी मांग है कि शांति समझौतों को अक्षरश: लागू किया जाए।’’
शून्यकाल में ही कांग्रेस के मणिकम टैगोर ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से रेलगाड़ियों में महिलाओं की सुरक्षा के लिए कदम उठाने की मांग की।
भाजपा सांसद पुरुषोत्तम रूपाला ने मांग की कि सूरत में हीरा उद्योग में कार्यरत कर्मियों के बच्चों के सामने शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में आने वाली परेशानियों का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र और गुजरात सरकार को इससे निपटने के लिए एक रणनीति बनानी चाहिए।
कांग्रेस की वर्षा गायकवाड़ ने ट्रेनों में वरिष्ठ नागरिकों के लिए किरायों में छूट को फिर से शुरू करने की मांग सरकार से की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY