जरुरी जानकारी | पेटीएम ‘ऑनलाइन’ भुगतान कारोबार को अपनी अनुषंगी को सौंपेगी

नयी दिल्ली, एक सितंबर डिजिटल भुगतान और वित्तीय कंपनी पेटीएम अपने भुगतान सेवा से जुड़े कारोबार को अलग कर नई अनुषंगी पेटीएम पेमेंट्स सर्विसेज लि. के अंतर्गत लाने पर विचार कर रही है। शेयरधारकों को मंजूरी के लिये भेजे गये नोटिस से यह जानकारी मिली है।

कंपनी ने इसकी मंजूरी शेयरधारकों से मांगी है। इसके लिये असाधारण आम बैठक 23 सितंबर को बुलायी गयी है।

शेयरधारकों को भेजे गये नोटिस के अनुसार, ‘‘भुगतान सेवा कारोबार पूर्ण अनुषंगी इकाई पेटीएम पेमेंट्स सर्विसेज लि. को स्थानांरित करने पर विचार और उसकी मंजूरी तथा भारतीय रिजर्व बैंक के दिशानिर्देशों के पालन के लिये यह बैठक बुलायी गयी है...।’’

नई इकाई में पेटीएम की ‘ऑनलाइन’ भुगतान सुविधा (गेटवे) कारोबार शामिल होगा।

भुगतान सुविधा प्रदाताओं (पेमेंट एग्रीगेटर) के लिये आरबीआई के दिशानिर्देश के तहत जरूरी है कि उनका कारोबार नियमित रूप से काम करे और केंद्रीय बैंक से लाइसेंस लेने के बाद अलग कंपनी उसे संचालित करे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)