रायपुर, 20 अगस्त छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शनिवार को राज्य के 26 लाख से अधिक किसानों को राजीव गांधी किसान न्याय योजना और गोधन न्याय योजना के तहत 1750 करोड़ रुपये की राशि का भुगतान किया।
जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बघेल ने यहां अपने निवास कार्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती 'सद्भावना दिवस' के अवसर पर राजीव गांधी किसान न्याय योजना की दूसरी किस्त और गोधन न्याय योजना के लाभार्थियों के खाते में 1750.24 करोड़ रुपये की राशि को अंतरित किया।
राजीव गांधी किसान न्याय योजना की दूसरी किस्त के रूप में किसानों के खातों में 1745 करोड़ रुपये और गोधन न्याय योजना के लाभार्थियों- गोबर विक्रेताओं, महिला स्व-सहायता समूहों और गौठान समितियों के खातों में पांच करोड़ 24 लाख रुपये की राशि भेजी गई।
खरीफ सत्र 2021 के लिए 26 लाख 21 हजार 352 पंजीकृत किसानों के बैंक खातों में इनपुट सब्सिडी की दूसरी किस्त के तौर पर कुल 1745 करोड़ रुपये ऑनलाइन भेजे गए। योजना के तहत किसानों को अब तक 14 हजार 665 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं। किसानों को फसल लागत मूल्य कम करने, उत्पादकता बढ़ाने, फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के लिए यह राशि दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत इनपुट सब्सिडी के रूप में धान उत्पादक किसानों को नौ हजार रुपये प्रति एकड़, सुगंधित धान एवं अन्य खरीफ फसलें उगाने वाले किसानों को 10 हजार रुपये प्रति एकड़ और वृक्षारोपण करने वाले किसानों को तीन वर्ष तक 10 हजार रुपये प्रति एकड़ की दर से राशि दी जाएगी।
बघेल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, ''किसानों की कर्ज-माफी और समर्थन मूल्य के साथ इनपुट सब्सिडी देने से हमारे किसान ऋण के बोझ से उबरकर अब स्वावलंबी बन गए हैं और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को सुधारने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। राज्य के 26 लाख से अधिक किसानों के चेहरों पर अब खुशी दिखाई दे रही है।''
बघेल ने इस कार्यक्रम के लिए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की तरफ से भेजे गए शुभकामना संदेश का उल्लेख करते हुए कहा, "राहुल गांधी यह चाहते थे कि लोगों की जेब में पैसा पहुंचे और उनकी आर्थिक स्थिति सुधरे। राज्य सरकार ने अपनी योजनाओं के माध्यम से यह कार्य किया है।"
बघेल ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा, ''जब भी आधुनिक भारत के विकास की बात होगी, तब उनमें प्रमुख नाम राजीव गांधी जी का होगा। राजीव जी का सबसे बड़ा योगदान यह है कि उन्होंने हर नागरिक के जीवन की जटिलताओं को न्यूनतम् करने के लिए काम किया। चाहे वे जटिलताएं प्रशासनिक कामकाज से संबंधित रही हों, चाहे नागरिक सुविधाओं से, या फिर आर्थिक विकास से संबंधित हो। भारत में दूरसंचार, कंप्यूटर, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में हुए विकास के लिए हम उनके योगदान को याद करते हैं।''
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY