पणजी, तीन दिसंबर मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनाव की रविवार को जारी मतगणना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की बढ़त पर गोवा में पार्टी कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी करके और मिठाइयां बांटकर जश्न मनाया।
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत और प्रदेश के अन्य भाजपा नेताओं ने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व पर लोगों द्वारा पुन: भरोसा जताने का परिचायक है।
तेलंगाना में कांग्रेस आगे चल रही है और वह भारत राष्ट्र समिति को सत्ता से बाहर कर सकती है।
भाजपा की गोवा इकाई के नेता इन राज्यों में पार्टी के चुनाव प्रचार अभियान का हिस्सा थे।
इन चारों में से तीन राज्यों में जब भाजपा कांग्रेस से आगे निकल गयी तब पणजी में भाजपा कार्यकर्ता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में पहुंचने लगे।
गोवा में प्रदेश पार्टी मुख्यालय के बाहर सड़क पर कुछ कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़े और एक-दूसरे को मिठाइयां बांटीं।
मुख्यमंत्री सावंत ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, मोदीजी का साथ।’’
गोवा के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘ 2023 के विधानसभा चुनावों के सामने आ रहे रुझानों से मन आह्लादित हो गया, भाजपा तीन राज्यों में निर्णायक बहुमत के साथ अपनी सरकार गठन की ओर अग्रसर है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह सफलता देखकर मन गर्व से भर गया, क्योंकि यह मेरे आदर्श एवं विश्वगुरू माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के प्रति अटूट विश्वास को सामने रखती है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY