नयी दिल्ली, 19 जुलाई लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बुधवार को कहा कि लोकतंत्र में संसद की विशेष भूमिका होती है और आम लोगों के जीवन में सामाजिक-आर्थिक परिवर्तन लाने वाला यह सबसे महत्वपूर्ण अंग है।
लोकसभा अध्यक्ष ने संसदीय शोध एवं प्रशिक्षण संसथान (प्राइड) द्वारा आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग ले रहे बांग्लादेश की संसद के अधिकारियों से मुलाकात के दौरान यह बात कही।
लोकसभा सचिवालय के बयान के अनुसार, बिरला ने कहा कि लोकतंत्र में संसद की विशेष भूमिका है जहां कानून बनते हैं और कार्यपालिका की जवाबदेही और पारदर्शिता तय होती हैं।
उन्होंने कहा कि संसद जनता और सरकार के बीच की कड़ी है तथा आम जनता के जीवन में सामाजिक-आर्थिक परिवर्तन का सबसे महत्वपूर्ण अंग है।
संसद में कार्यरत कर्मियों की भूमिका की सराहना करते हुए लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि वे संसद के कार्यों में नियमों एवं प्रक्रियाओं के अनुरूप जनप्रतिनिधियों का सहयोग करते हैं जिससे जनप्रतिनिधि अपने कर्तव्यों का सुचारू रूप से निर्वहन कर पाते हैं।
बिरला ने बताया कि भारतीय संसद के डिजिटल पुस्तकालय से सिर्फ सांसदों को नहीं बल्कि आम जनता को भी लाभ मिल रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि भारतीय संसद की कार्यप्रणाली को मुख्यतः डिजिटल बना दिया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY