विदेश की खबरें | पाकिस्तान: दुर्घटना में मारे गए लोगों में श्रद्धांजलि सभा से लौट रहे सिख परिवार के चार सदस्य शामिल

पेशावर, चार जुलाई पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में शुक्रवार को यात्री ट्रेन और एक वैन की भिड़ंत में मारे गए 21 पाकिस्तानी सिख तीर्थयात्रियों में अपने संबंधी को श्रद्धांजलि देने ननकाना साहिब गए एक परिवार के चार सदस्य शामिल हैं।

'एक्सप्रेस ट्रिब्यून' समाचार पत्र की खबर के अनुसार तीन भाई काका सिंह, पपिंदर सिंह, जय सिंह और पपिंदर की पत्नी समेत सिख समुदाय के कई अन्य लोग शेखुपुरा जिले में रेलवे क्रासिंग पर हुई घटना के समय ननकाना साहिब से अपने घर लौट रहे थे। उनमें से अधिकतर लोग नजदीकी पेशावर के रहने वाले थे।

यह भी पढ़े | पाक पीएम इमरान खान ने लिया संकल्प, कहा- CPEC परियोजना को हर कीमत पर पूरा किया जाएगा.

मृतक भाइयों में से एक जय, खैबर पख्तूनख्वा की राजधानी पेशावर में गुरुद्वारा भाई जोगा सिंह में बीते दस साल से धार्मिक संगीत सिखा रहा थे। वह सिख समुदाय के लिये भी अपनी सेवाएं दे रहे थे।

जय के छात्रों समेत परिवार के पड़ोसियों को जब दुर्घटना के बारे में पता चला तो उनके आंसू निकल आए।

यह भी पढ़े | विश्व स्वास्थ्य संगठन का देशों ने किया आग्रह, कहा- जागें और कोरोना महामारी को करें नियंत्रित.

मोहल्ला जोगन शाह के निवासी रविंदर सिंह ने समाचार पत्र से कहा कि दुर्घटना ने उन्हें स्तब्ध कर दिया।

उन्होंने कहा कि पड़ोस का शायद ही कोई घर हो जिसके परिवार का सदस्य 21 सिख मृतकों में शामिल न हो।

उन्होंने कहा, ''हम एक परिवार की तरह दशकों से यहां रह रहे हैं। पूरा सिख समुदाय इन सदस्यों की मौत को लेकर शोक में डूबा है। ''

पाकिस्तान सिख गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के महासचिव सरदार अमीर सिंह ने कहा कि मृतक तीन या चार परिवारों से थे।

पेशावर में लगभग 40 हजार सिख रहते हैं।

लगभग 26 सिख तीर्थयात्रियों को ले जा रही वैन शेखुपुरा जिले के पास क्रॉसिंग पर कराची से आ रही शाह हुसैन एक्सप्रेस से टकरा गई।

अल्पसंख्यकों के मामलों पर नजर रखने वाले इवैक्वी ट्रस्ट प्रॉपर्टी बोर्ड (ईटीपीबी) के अनुसार इस दुर्घटना में 22 लोगों की मौत हो गई। इनमें 11 पुरुष, नौ महिलाओं और एक बच्चे समेत 21 सिख शामिल हैं। दुर्घटना में एक मुसलमान की भी जा चली गई।

बताया गया है कि वैन चालक ने कथित तौर पर रेलवे क्रॉसिंग से बचने के लिए एक शॉर्टकट लेने की कोशिश की। इस दौरान वाहन एक्सप्रेस ट्रेन से टकरा गया।

पुलिस ने कहा कि क्रॉसिंग पर फाटक बंद था और ड्राइवर ने फाटक खुलने का इंतजार करने की बजाय शॉर्टकट लेने की कोशिश की और यह हादसा हो गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)