विदेश की खबरें | पाक सेना प्रमुख ने जेल में बंद इमरान खान से कोई पत्र मिलने से किया इनकार
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

इस्लामाबाद, 13 फरवरी पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर ने जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के संस्थापक इमरान खान से कोई खत मिलने से बृहस्पतिवार को इनकार किया।

‘जियो न्यूज’ की खबर के मुताबिक, मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में खान के 'खुले पत्रों' का जिक्र करते हुए सेना प्रमुख ने कहा कि अगर यह खत उन्हें मिल भी जाए तो भी वह इसे नहीं पढ़ेंगे।

जनरल मुनीर ने कहा कि अगर उन्हें ऐसा कोई पत्र प्राप्त होगा तो वह उसे प्रधानमंत्री तक पहुंचा देंगे।

जनरल मुनीर ने कहा कि देश संतोषजनक ढंग से तरक्की कर रहा है और पाकिस्तान विकास के रास्ते पर है। सेना प्रमुख ने कहा, "पाकिस्तान आगे बढ़ रहा है और पाकिस्तान को आगे बढ़ना है।"

पूर्व प्रधानमंत्री के वकील ने बताया कि खान ने एक दिन पहले जनरल मुनीर को तीसरा खुला पत्र लिखा है। वह साल 2023 से विभिन्न आरोपों में जेल में बंद हैं।

तीसरे पत्र में, जेल में बंद पीटीआई संस्थापक ने चुनाव में धांधली के आरोपों को दोहराया और कहा कि “धन शोधन करने वालों” को चुनावों में हेरफेर कर सत्ता में लाया गया है।

उनके वकील फैसल चौधरी ने कहा था, "पीटीआई संस्थापक ने सेना प्रमुख को लिखे अपने पत्र में चुनाव धोखाधड़ी के जरिए बहुमत की जगह अल्पमत को वरीयता देने का मुद्दा उठाया है।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)