हैदराबाद, 21 मार्च ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने नागपुर में हाल ही में हुई हिंसा को लेकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की शुक्रवार को आलोचना की और आरोप लगाया कि उनकी सरकार स्थिति को नियंत्रित करने में विफल रही है।
ओवैसी ने गाजा पट्टी में फलस्तीनियों पर इजराइल के हमलों पर भी चिंता जताई और कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अमेरिकी पॉडकास्टर लेक्स फ्रीडमैन के साथ हाल ही में एक पॉडकास्ट के दौरान इस मुद्दे पर चुप रहे।
हैदराबाद से सांसद ओवैसी ने एक सभा को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि महाराष्ट्र सरकार के एक मंत्री ने मुगल बादशाह औरंगजेब की कब्र हटाने के बारे में भड़काऊ बयान दिया।
ओवैसी ने फिल्म 'छावा' को हिंसा भड़काने के लिए दोषी ठहराए जाने को लेकर भी फडणवीस पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा, "आप (फडणवीस) क्या कर रहे थे? क्या नागपुर आपका शहर नहीं है? उन्होंने आयत वाली चादर जलाई। कार्रवाई के लिए शिकायत की गई थी और बाद में हिंसा भड़क उठी। हम हिंसा की निंदा करते हैं, लेकिन आप कहते हैं कि इसके लिए एक फिल्म जिम्मेदार है।"
औवेसी ने कहा, "आप क्या कर रहे थे? यह आपकी सरकार, आपकी पुलिस और आपके खुफिया तंत्र की विफलता है। अगर कानून-व्यवस्था की स्थिति पैदा हुई है, तो इसके लिए आप जिम्मेदार हैं।"
उन्होंने दावा किया कि पुलिस ने चादर जलाने के लिए जिम्मेदार लोगों को थाने से जमानत दे दी है।
ओवैसी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि आरएसएस हिंसा को अस्वीकार्य बताता है, लेकिन अप्रत्यक्ष रूप से इसका समर्थन करता है।
उन्होंने कहा, "आप पर्दे के पीछे से पूरी साजिश रचते हैं और फिर कहते हैं कि हम पानी डालेंगे।”
एआईएमआईएम प्रमुख ने आरोप लगाया कि अतीत में मुसलमानों के खिलाफ भड़काऊ टिप्पणी करने वाले मंत्रियों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY