देश की खबरें | दंगा प्रभावित छह विस सीटों में से तीन ‘आप’ व तीन भाजपा ने जीतीं

नयी दिल्ली, आठ फरवरी उत्तर पूर्वी दिल्ली में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) को लेकर फरवरी 2020 में हुए दंगों की चपेट में आईं छह विधानसभा सीटों में से आम आदमी पार्टी (आप) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तीन-तीन सीट पर जीत दर्ज की है।

साल 2020 के विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के कुछ दिन बाद भड़की हिंसा की चपेट में सीलमपुर,बाबरपुर, घोंडा, गोकलपुरी(एससी), मुस्तफाबाद व करावल नगर आए थे।

इनमें से सीलमपुर, बाबरपुर और गोकलपुरी में ‘आप’ ने जीत दर्ज की। वहीं, घोंडा, मुस्तफाबाद और करावल नगर में भाजपा के प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है।

सीलमपुर में ‘आप’ के चौधरी जुबैर अहमद ने भाजपा के अनिल कुमार शर्मा को 42,477 मतों से हराया। अहमद को 59.21 प्रतिशत वोट मिले, जबकि शर्मा को 27.38 फीसदी वोट मिले। कांग्रेस के अब्दुल रहमान को केवल 12.4 प्रतिशत वोट मिले। वह इस सीट से ‘आप’ के विधायक थे और टिकट न मिलने की वजह से कांग्रेस में शामिल हो गए थे।

‘आप’ के दिल्ली संयोजक और दिल्ली सरकार में मंत्री गोपाल राय ने बाबरपुर सीट 18,994 मतों के अंतर से तीसरी बार जीती। उन्हें 53.19 प्रतिशत वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी भाजपा के अनिल कुमार वशिष्ठ को 39.33 फीसदी मत हासिल हुए। कांग्रेस के मोहम्मद इशराक खान मात्र 8,797 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

गोकलपुर सीट से ‘आप’ के उम्मीदवार सुरेन्द्र कुमार ने भाजपा के प्रवीण निमेश को 8,207 मतों के अंतर से हराया।

घोंडा सीट पर भाजपा के अजय महावर ने 26,058 वोट से जीत दर्ज की। उन्हें 56.96 प्रतिशत रहा। उनके प्रतिद्वंद्वी ‘आप’ के गौरव शर्मा को 38.41 फीसदी वोट मिले।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)