जरुरी जानकारी | ऑप्टिमस इन्फ्राकॉम, कॉर्निंग इंटरनेशनल देश में बनाएंगी कवर ग्लास

नयी दिल्ली, एक सितंबर घरेलू इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण एवं दूरसंचार कंपनी ऑप्टिमस इन्फ्राकॉम लिमिटेड और अमेरिका की कॉर्निंग इंटरनेशनल ने मोबाइल और उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स के लिए उच्च-गुणवत्ता वाले ‘कवर ग्लास पार्ट्स’ के विनिर्माण के लिये कारखाना लगाने को लेकर भागीदारी की है।

ऑप्टिमस ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि कंपनी की प्रस्तावित संयुक्त उपक्रम में 70 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी और शेष 30 प्रतिशत हिस्सेदारी कॉर्निंग की होगी।

बयान के अनुसार ऑप्टिमस के निदेशक मंडल ने एक सितंबर को हुई बैठक में कॉर्निंग इंटरनेशनल कॉरपोरेशन के साथ संयुक्त उपक्रम के समझौते को मंजूरी दे दी।

संयुक्त उपक्रम के लिए पांच साल का करार किया गया है, जिसमें दोनों प्रवर्तकों को इस दौरान किसी तीसरे पक्ष को हिस्सेदारी का हस्तांतरण या मताधिकार देने से रोकने का प्रावधान रखा गया है।

ऑप्टिमस इन्फ्राकॉम लिमिटेड के चेयरमैन अशोक कुमार गुप्ता ने कहा कि संयंत्र के अगले साल शुरू होने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा, “हम वैश्विक और स्थानीय ब्रांडों के लिए विश्व स्तरीय उच्च गुणवत्ता के उत्पाद उपलब्ध कराने को प्रतिबद्ध हैं। इस नयी यात्रा को शुरू करते हुए हमारा इरादा अगले पांच साल में मोबाइल कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में उपयोग के लिए तैयार ‘कवर ग्लास पार्ट्स’ का विनिर्माण करने वाली शीर्ष कंपनियों में से एक बनकर उभरना है।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)