पटना, 23 जून बिहार की राजधानी पटना विपक्षी दलों की बैठक में शामिल होने आए नेताओं के स्वागत के लिए लगाए गए पोस्टरों से शुक्रवार को पटा रहा।
पार्टी कार्यकर्ता शहर की प्रमुख सड़कों को पोस्टर और स्वागत द्वारों से सजाने में व्यस्त थे।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर में कई स्थानों पर 'मोहब्बत की दुकान' के नाम के स्टॉल लगाए, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) समर्थकों ने विपक्षी एकता की आलोचना करते हुए 'परिवार बचाओ' के पोस्टर लगाए।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राजद प्रमुख लालू प्रसाद, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भागवंत मान, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और अन्य के रंगीन पोस्टर और बैनर शहर के महत्वपूर्ण स्थानों पर लगाए गए थे।
पटना के प्रसिद्ध बेली रोड के दोनों किनारे बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद, तेजस्वी यादव और राहुल गांधी की आदमकद तस्वीरों से पटे थे।
शीर्ष नेताओं के समर्थकों ने हवाईअड्डे के पास और राज्य अतिथि गृह की ओर जाने वाली सड़क पर भी नेताओं के स्वागत में पोस्टर लगाए।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहर में कई जगहों पर विपक्षी नेताओं की आलोचना करते हुए पोस्टर लगाए थे।
एक पोस्टर में भाजपा ने विपक्षी बैठक में हिस्सा लेने वाले नेताओं को "ठग्स ऑफ इंडिया" बताया।
एक अन्य पोस्टर में भाजपा ने विपक्ष के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार पर तंज कसते हुए उन सभी में अगला प्रधानमंत्री बनने की चाहत दर्शाई।
भाजपा के पोस्टर पर प्रतिक्रिया व्यक्त हुए राजद के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा, ''पटना में विपक्षी दलों की बैठक एक ऐतिहासिक घटना थी। महागठबंधन दलों के कार्यकर्ता काफी उत्साहित हैं।’’
गौरतलब है कि 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले देशभर के विपक्षी दलों की पहली बैठक शुक्रवार को पटना में हुई।
कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे एवं पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव, शिवसेना (यूबीटी) के प्रमुख उद्धव ठाकरे, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के अध्यक्ष शरद पवार आदि ने बैठक में भाग लिया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY