वाराणसी (उत्तर प्रदेश), 23 दिसंबर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की राजनीति को सिर्फ जाति और मजहब के चश्मे से देखने वाले लोगों के ‘‘सिलेबस (पाठ्यक्रम)’’ में केवल माफियावाद और परिवारवाद ही शामिल है।
अपने संसदीय क्षेत्र में 2095 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद प्रधानमंत्री ने संबोधन में यह भी कहा कि देश में गाय और गोबरधन की बात करने को कुछ लोगों ने ‘‘गुनाह’’ बना दिया है।
उन्होंने कहा, ‘‘गाय कुछ लोगों के लिए गुनाह हो सकती है, हमारे लिए गाय माता है, पूजनीय है। गाय-भैंस का मजाक उड़ाने वाले लोग यह भूल जाते हैं कि देश के आठ करोड़ परिवारों की आजीविका ऐसे ही पशुधन से चलती है।’’
विभिन्न विकास परियोजनाओं व कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा वह जब काशी और उत्तर प्रदेश के विकास में ‘‘डबल इंजन’’ की ‘‘डबल शक्ति और डबल विकास’’ की बात करते हैं तो कुछ लोगों को बहुत कष्ट होता है।
उन्होंने कहा, ‘‘यह वे लोग हैं, जिन्होंने उत्तर प्रदेश की राजनीति को सिर्फ और सिर्फ जाति पंथ, मत और मजहब के चश्मे से ही देखा है। इन लोगों ने कभी नहीं चाहा कि उत्तर प्रदेश का विकास हो। स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, सड़क, पानी, बिजली, गरीबों के घर, गैस कनेक्शन, शौचालय को तो वह विकास मानते ही नहीं हैं।’’
आम तौर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता केंद्र व राज्य में एक ही दल की सरकार के लिए ‘‘डबल इंजन’’ शब्द का प्रयोग करते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सब का प्रयास की यह भी उनके सिलेबस में नहीं है। उनके सिलेबस में है माफियावाद, परिवारवाद, घरों और जमीनों पर अवैध कब्जा। पहले की सरकारों के समय उत्तर प्रदेश के लोगों को जो मिला और आज हमारी सरकार से जो मिल रहा है, उसका फर्क साफ है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY