एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | ओएनजीसी ने विपणन मार्जिन हटाया, पर गैस कीमत कम करने से इनकार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. सार्वजनिक क्षेत्र की ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉरपोरेशन (ओएनजीसी) ने अपने केजी बेसिन फील्ड से उत्पादित गैस पर उपयोगकर्ताओं से विपणन मार्जिन नहीं लेने को लेकर सहमति जतायी है लेकिन न्यूनतम दर को कम करने से इनकार कर दिया है। कंपनी के निविदा दस्तावेज से यह जानकारी मिली है।

जरुरी जानकारी | ओएनजीसी ने विपणन मार्जिन हटाया, पर गैस कीमत कम करने से इनकार

नयी दिल्ली, 13 मई सार्वजनिक क्षेत्र की ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉरपोरेशन (ओएनजीसी) ने अपने केजी बेसिन फील्ड से उत्पादित गैस पर उपयोगकर्ताओं से विपणन मार्जिन नहीं लेने को लेकर सहमति जतायी है लेकिन न्यूनतम दर को कम करने से इनकार कर दिया है। कंपनी के निविदा दस्तावेज से यह जानकारी मिली है।

देश की शीर्ष तेल एवं गैस उत्पादक कंपनी ओएनजीसी ने पिछले महीने केजी डीडब्ल्यूएन.98/2 ब्लॉक (केजी-डी5) से उत्पादित शुरूआती 20 लाख घन मीटर प्रतिदिन गैस बेचने को लेकर बोलियां मंगायी थी।

कंपनी ने बोलीदाताओं से मौजूदा ब्रेंट क्रूड तेल की बाजार कीमत को सामने रख कर बोली लगाने को कहा था। उसने बोली के लिए न्यूनतम दर ब्रेंट क्रूड के तीन महीने के औसत मूल्य का 10.5 प्रतिशत रखा है। उसके ऊपर उसने प्रति इकाई (10 लाख ब्रिटिश थर्मल यूनिट) 0.20 डॉलर की मार्जिन की मांग भी रखी है।

हालांकि संभावित बोलीदाताओं ने विपणन मार्जिन के साथ न्यूनतम मूल्य को ऊंचा बताते हुए उसका विरोध किया।

जवाब में ओएनजीसी ने कहा है कि न्यूनतम मूल्य को तो नहीं बदला जा सकता लेकिन उसने विपणन मार्जिन को हटाया जा रहा है।

कंपनी के अनुसार, ‘‘कंपनी आरक्षित गैस मूल्य (न्यूनतम दर) में बदलाव को लेकर सहमत नहीं है। हालांकि विभिन्न बोलीदाताओं के अनुरोध पर विचार करते हुए, अनुबंध मूल्य के ऊपर विपणन मार्जिन शुल्क 0.20 डॉलर प्रति यूनिट को हटाया जा रहा है।’’

मौजूदा ब्रेंट क्रूड तेल की कीमत 70 डॉलर के करीब है। इस हिसाब से बोली के लिए गैस का न्यूनतम मूल्य 7.3 डॉलर प्रति यूनिट बैठेगा।

हालांकि कीमत सरकार द्वारा हर छह महीने में गहरे समुद्री क्षेत्र में स्थित फील्डों के लिये निर्धारित उच्चतम सीमा पर निर्भर करेगी। एक अप्रैल से छह महीने के लिये सीमा 3.62 डॉलर प्रति यूनिट है।

इसका मतलब है कि बोलीदाता 7 डॉलर प्रति यूनिट की पेशेश कर गैस ले सकते हैं लेकिन खरीदारों को उच्चतम सीमा 3.62 डॉलर प्रति यूनिट से अधिक नहीं देना होगा।

ओएनजीसी ने निविदा में आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी जिले में ओदालारेवू स्थित फील्ड से उत्पादित 20 लाख घन मीटर प्रतिदिन गैस बिक्री के लिये बोलियां मंगायी है। यह बिक्री तीन से पांच साल के लिये की जाएगी। यह क्षेत्र सार्वजनिक क्षेत्र की गेल के केजी बेसिन पाइपलाइन नेटवर्क के साथ पीआईएल के ईस्ट-वेस्ट पाइपलाइन से जुड़ा है। यह केजी बेसिन नेटवर्क के साथ-साथ गुजरात गैस ग्रिड से भी जुड़ा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 13, 2021 05:40 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).