पालघर (महाराष्ट्र), 13 जुलाई महाराष्ट्र के पालघर जिले के वसई कस्बे में बुधवार को भूस्खलन से एक व्यक्ति और उसकी बेटी की मौत हो गई तथा परिवार के दो अन्य सदस्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि स्थानीय अग्निशमनकर्मियों तथा राष्ट्रीय आपदा मोचन बल के कर्मियों ने मौके पर बचाव कार्य शुरू कर दिया है।
जिला आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख विवेकानंद कदम ने बताया कि वसई इलाके के वाघरालपाड़ा में अनिल सिंह (45) के घर पर सुबह साढ़े छह बजे पहाड़ी से बड़ा पत्थर गिरा।
उन्होंने कहा कि हादसे में सिंह और उसकी बेटी रोशनी (16) की मौत हो गई। सिंह की पत्नी वंदना (40) और बेटा ओम (12) मलबे में दब गए थे जिन्हें बाद में अग्निशमनकर्मियों तथा स्थानीय लोगों ने बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया।
उन्होंने बताया कि मलबे से अनिल सिंह का शव पूर्वाह्न साढ़े दस बजे निकाला गया और उसकी बेटी का शव दोपहर लगभग एक बजे निकाला जा सका।
पालघर के जिलाधिकारी डॉ माणिक गुरसाल ने कहा कि बचाव अभियान बाद में रोक दिया गया और मलबा हटाने का काम किया जा रहा है। जिले में मंगलवार रात से भारी बारिश हो रही है जिसके चलते कई निचले इलाकों में पानी भर गया है।
भूस्खलन के बाद कम से कम 40 परिवारों को वसई विरार नगर निगम के कर्मचारियों, एनडीआरएफ और स्थानीय स्वयंसेवियों की मदद से सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है। पुलिस ने लोगों को अलर्ट रहने को कहा है।
पालघर प्रशासन ने भूस्खलन पर एक रिपोर्ट राज्य सरकार को भेजी और कहा कि राज्य की नीतियों के मुताबिक मृतकों के परिजनों और घायलों को मुआवजा राशि दी जाएगी।
जिले में भारी बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने बृहस्पतिवार को सभी शिक्षण संस्थानों को बंद रखने की घोषणा की है। जिलाधिकारी माणिक गुरसाल ने इस संबंध में एक आदेश जारी किया।
आदेश में कहा गया कि सभी आंगनवाड़ी, सरकारी और निजी स्कूल, जिला परिषद के स्कूल कल बंद रहेंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY