एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | विधायकों को तोड़ने के आरोप पर भाजपा ने मुख्यमंत्री केजरीवाल से कहा, सबूत दें या इस्तीफा दें

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के उन आरोपों को ‘झूठा’ और ‘निराधार’ बताकर खारिज कर दिया जिसमें उन्होंने दावा किया है कि भाजपा उनकी सरकार को गिरने के लिए आम आदमी पार्टी (आप) के विधायकों को तोड़ने का प्रयास कर रही है। भाजपा ने केजरीवाल से कहा कि वह अपने दावे के समर्थन में सबूत दें या फिर पद से इस्तीफा दें।

देश की खबरें | विधायकों को तोड़ने के आरोप पर भाजपा ने मुख्यमंत्री केजरीवाल से कहा, सबूत दें या इस्तीफा दें

नयी दिल्ली, 27 जनवरी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के उन आरोपों को ‘झूठा’ और ‘निराधार’ बताकर खारिज कर दिया जिसमें उन्होंने दावा किया है कि भाजपा उनकी सरकार को गिरने के लिए आम आदमी पार्टी (आप) के विधायकों को तोड़ने का प्रयास कर रही है। भाजपा ने केजरीवाल से कहा कि वह अपने दावे के समर्थन में सबूत दें या फिर पद से इस्तीफा दें।

केजरीवाल सहित उनकी पार्टी के अन्य नेताओं ने आरोप लगाया है कि आप के सात विधायकों को पाला बदलने पर चुनाव लड़ने के लिए 25-25 करोड़ रुपये और भाजपा के टिकट की पेशकश की गई है।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि केजरीवाल को ‘झूठ बोलना’ बंद करना चाहिए और उन्हें उन विधायकों के नाम बताने की चुनौती दी, जिनके बारे में आप प्रमुख ने दावा किया है कि उनसे भाजपा ने संपर्क किया था।

सचदेवा ने कहा, ‘‘केजरीवाल का बयान उनकी राजनीतिक हताशा को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा उनकी पार्टी के विधायकों को तोड़ना चाहती है। यह उनके मानसिक दिवालियापन को दर्शाता है। 62 विधायकों (विधानसभा के कुल 70 विधायकों में से) की एक पार्टी अपनी राजनीतिक जमीन खोने के बाद कितनी निराश है।’’

दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि मुख्यमंत्री केजरीवाल ने ‘‘भाजपा को बदनाम करने के लिए झूठे आरोप’ लगाए हैं।

बिधूड़ी ने कहा, ‘‘उन्हें अपने बयान के पक्ष में सबूत देना चाहिए अन्यथा उन्हें मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।’’ उन्होंने कहा कि भाजपा इस मामले में कानूनी कार्रवाई के लिए विशेषज्ञों से सलाह ले रही है।

उन्होंने यह भी दावा किया कि देश में एक प्रमुख राजनीतिक नेता बनने का केजरीवाल का सपना टूट रहा है क्योंकि अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा लोकसभा चुनाव में 400 सीट जीतने जा रही है, इसलिए आप भाजपा पर उसके विधायकों को तोड़ने का झूठा आरोप लगा रही है।

आप नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा केजरीवाल को ‘फर्जी’ शराब घोटाला मामले में गिरफ्तार कराने और आप विधायकों को तोड़कर उनकी सरकार गिराने की साजिश रच रही है।

सचदेवा ने कहा, ‘‘लोग देख सकते हैं कि केजरीवाल को अस्तित्व बचाने के लिए गठबंधन की जरूरत है क्योंकि लोकसभा चुनाव से पहले उनकी राजनीतिक जमीन खिसक गई है। इसलिए वह इस तरह के बेतुके बयान दे रहे हैं ताकि उनका राजनीतिक वजूद बचा रहे।

दिल्ली भाजपा की सचिव बांसुरी स्वराज ने कहा कि केजरीवाल और दिल्ली की मंत्री आतिशी सहित अन्य आप नेताओं द्वारा किए गए ‘बेतुके’ दावे दिखाते हैं कि उन्होंने अपने पतन से पहले अपना सारा विवेक खो दिया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल के पास अब शराब घोटाले में ईडी जांच से बचने के लिए बहाने खत्म हो गए हैं, इसलिए उन्होंने झूठ का सहारा लेना शुरू कर दिया है।

दिल्ली भाजपा महासचिव कमलजीत सहरावत ने दावा किया कि आप विधायकों और सांसदों के बीच ‘अशांति’ है और केजरीवाल अपने ही लोगों से हताशा के कारण भाजपा पर आरोप लगा रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 27, 2024 08:12 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).