देश की खबरें | सनातन धर्म पर विवादित टिप्पणियों पर सिंधिया ने कहा, यही विपक्षी गठबंधन इंडिया का असली चेहरा है

ग्वालियर (मध्य प्रदेश), सात सितंबर केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बृहस्पतिवार को कहा कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव एलायंस) जिस तरीके से सनातन धर्म पर टिप्पणी कर रहा है, यही उसका (विपक्षी गठबंधन इंडिया) असली चेहरा है।

सिंधिया ने यह भी आरोप लगाया कि 28 दलों का यह विपक्षी गठबंधन देश को भ्रष्टाचार के विनाश की ओर ले जाएगा।

उनकी यह टिप्पणी द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के नेता उदयनिधि स्टालिन की उस टिप्पणी की पृष्ठभूमि में आई है जिसमें उन्होंने सनातन धर्म के उन्मूलन की मांग की थी। उदयनिधि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बेटे हैं।

तमिलनाडु के युवा कल्याण मंत्री उदयनिधि ने तमिलनाडु प्रगतिशील लेखक एवं कलाकार संघ की शनिवार को चेन्नई में आयोजित बैठक को तमिल में संबोधित करते हुए सनातन धर्म को समानता एवं सामाजिक न्याय के खिलाफ बताते हुए कहा कि इसे समाप्त किया जाना चाहिए।

उदयनिधि ने सनातन धर्म की तुलना कोरोना वायरस, मलेरिया, और डेंगू वायरस एवं मच्छरों से होने वाले बुखार से करते हुए कहा कि ऐसी चीजों का विरोध नहीं करना चाहिए बल्कि नष्ट कर देना चाहिए।

सिंधिया ने ग्वालियर में मीडिया से कहा, ‘‘इंडिया’ गठबंधन जिस तरीके से सनातन धर्म पर टिप्पणी कर रहा है, उसकी जितनी निंदा की जाए, कम है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘उनका (विपक्षी गठबंधन) कहना है कि सनातन धर्म का विनाश होना चाहिए, पूर्ण रूप से नष्ट होना चाहिए, यही उनका असली चेहरा है, जिसे मैं मध्य प्रदेश व देश की जनता के सामने लाना चाहता हूं।’’

सिंधिया ने कहा, ‘‘28 दलों का गुट, जो विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ है, देश को विनाश के पथ पर ले जाने के लिए सनातन धर्म को नष्ट करने के साथ भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण को व्यापक करना चाहता है और यही इनका असली चेहरा है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)