पटना, 14 जुलाई बिहार में विधानसभा मार्च के दौरान पार्टी नेता की मौत के मामले में अधिकारियों के बयानों के लिये उन्हें आड़े हाथों लेते हुये विपक्षी भारतीय जनता पार्टी ने उन पर सरकार के प्रवक्ता की तरह काम करने का आरोप लगाया और कहा कि सत्ता बदलते हीं उनके खिलाफ कार्रवाई होगी ।
बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय कुमार सिन्हा ने विधानसभा के बाहर संवाददाताओं से कहा, ‘‘कुछ अधिकारी वर्तमान सरकार के प्रवक्ता की तरह काम कर रहे हैं। उन्हें पता होना चाहिए कि हम उन पर नजर रख रहे हैं। शासन बदलते ही हम कार्रवाई करेंगे।’’
सिन्हा ने राज्य की नीतीश कुमार सरकार के खिलाफ भाजपा बृहस्पतिवार को भाजपा के ‘‘विधानसभा मार्च’’ में हिस्सा लेने के दौरान पार्टी के जहानाबाद जिला महासचिव विजय सिंह के मौत की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने से पहले ही पुलिस और अन्य प्रशासनिक पदाधिकारियों द्वारा दिए गए बयानों पर कड़ी आपत्ति जताई।
स्थानीय प्रशासन का कहना है कि विजय सिंह डाक बंगला चौराहे के करीब नहीं थे, जहां पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और पानी की बौछार की तथा बल प्रयोग किया ।
राज्य सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि भाजपा नेता का ‘‘दुर्भाग्यपूर्ण’’ निधन जांच का विषय है लेकिन पुलिस द्वारा लाठीचार्ज के लिए विपक्षी दल जिम्मेदार है।
इस बीच भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी और सिन्हा ने राजग के अन्य सहयोगी दलों के नेताओं के साथ राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर को महागठबंधन सरकार की अलोकतांत्रिक कार्रवाई के विरुद्ध में एक ज्ञापन सौंपा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY