कैपिटल पुलिस के कार्यकारी प्रमुख वाई पिटमैन ने संवाददाताओं से कहा कि घायल अधिकारियों में से एक की हालत गंभीर थी, जिन्होंने बाद में अस्पताल में दम तोड़ दिया।
उन्होंने कहा कि इस घटना में कार चालक की भी अस्पताल में मौत हो गई।
हालांकि, पिटमैन ने मारे गए अधिकारी और कार चालक की पहचान उजागर नहीं की।
इस बीच, अधिकारियों ने इस घटना को आतंकवादी हमले से संबंधित होने से इंकार किया है। साथ ही उन्होंने शुक्रवार की घटना और छह जनवरी को हुए दंगों के बीच तत्काल किसी संबंध से भी इंकार किया है।
कार टकराने एवं गोलीबारी की यह घटना कैपिटल के पास एक तलाशी चौकी पर हुई। इस घटना ने गत छह जनवरी को अमेरिकी कैपिटल में घुसी भीड़ द्वारा मचाए गए उत्पात की यादें ताजा कर दी, जब राष्ट्रपति पद पर जो बाइडन की जीत के संबंध में अमेरिकी संसद सदस्य मतदान कर रहे थे।
कैपिटल में छह जनवरी को हुई हिंसा के दौरान कैपिटल पुलिस अधिकारी ब्रायन सिकनिक समेत पांच लोगों की मौत हुई थी।
अधिकारियों ने कहा कि ऐसा जान पड़ता है कि कार चालक के पास चाकू था, जिसके बाद पुलिस ने गोली चलाई।
शुक्रवार की घटना के बाद अमेरिकी कैपिटल परिसर को बंद कर दिया गया और कर्मचारियों को बाहर आने या अंदर जाने से रोक दिया गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY