देश की खबरें | ओडिशा: सतर्कता अधिकारियों ने वरिष्ठ आबकारी अधिकारी की छह इमारतों और 52 भूखंडों का लगाया पता

भुवनेश्वर, 30 जुलाई एक इंजीनियर के स्वामित्व वाले 34 भूखंडों और मकानों का पता लगाने के दो दिन बाद ओडिशा में भ्रष्टाचार रोधी सतर्कता अधिकारियों ने आबकारी विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी से जुड़े 52 भूखंड और छह बहुमंजिला इमारतों का भी पता लगाया है।

अधिकारी के पास आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति होने की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए 10 पुलिस उपायुक्त, 15 निरीक्षकों और अन्य कर्मचारियों सहित सतर्कता अधिकारियों की एक टीम ने सोमवार को आबकारी विभाग के संयुक्त आयुक्त रामचंद्र मिश्रा से जुड़े 10 ठिकानों पर छापे मारे।

एक अधिकारी ने बताया कि टीम को मिश्रा और उनके परिवार के कब्जे में छह बहुमंजिला इमारतें, 52 भूखंड, लगभग 230 ग्राम सोना और अन्य सामान मिला।

सतर्कता विभाग की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि इन संपत्तियों के स्रोत का पता लगाने के लिए मिश्रा से पूछताछ की जा रही है। शेयर, म्यूचुअल फंड और बीमा कंपनियों के प्रीमियम में किए गए निवेश का आकलन किया जा रहा है।

अधिकारी ने कहा, ‘‘अधिक संपत्ति उजागर होने की संभावना है और कुल संपत्ति के मूल्य में वृद्धि होने की उम्मीद है।’’

उन्होंने बताया कि यह तलाशी भुवनेश्वर सतर्कता के विशेष न्यायाधीश की अदालत द्वारा जारी वारंट के तहत की जा रही है।

अधिकारी ने बताया कि 30 वर्ष पहले उप-निरीक्षक के रूप में सरकारी सेवा में शामिल हुए मिश्रा की पदोन्नति संयुक्त आयुक्त के पद पर हुई थी। वह आठ महीने में सेवानिवृत्त होने वाले हैं।

हालांकि मिश्रा ने आरोपों से इनकार करते हुए दावा किया कि उन्होंने अनुचित तरीकों से संपत्ति अर्जित नहीं की है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)