हैदराबाद, तीन जून तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने ओडिशा में हुए दर्दनाक ट्रेन हादसे में कई लोगों की मौत पर दुख जताया।
राव ने कहा कि यह एक अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि मुख्यमंत्री ने राज्य और केंद्र सरकार से अनुरोध किया कि वे घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराने के लिए कदम उठाएं और दुर्घटना में जान गंवाने वालों के परिवारों को पर्याप्त सहायता दें।
तेलंगाना के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री के.टी. रामा राव ने दुखद ट्रेन दुर्घटना पर शनिवार को गहरा दुख व्यक्त किया और इस घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
हादसे पर सवाल खड़ा करते हुए उन्होंने पूछा, “टक्कर रोधी प्रणाली ‘कवच’ का क्या हुआ?”
रामा राव ने ट्वीट किया, “भयानक ट्रेन हादसे से स्तब्ध हूं, जिसमें 288 यात्रियों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। अपने प्रियजनों को खोने वाले यात्रियों के परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। टक्कर रोधी प्रणाली ‘कवच’ का क्या हुआ?”
केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री जी. किशन रेड्डी ने ट्वीट किया, “ओडिशा में दर्दनाक ट्रेन हादसे में लोगों की मौत की खबर से दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”
ओडिशा के बालासोर जिले में शुक्रवार को कोरोमंडल एक्सप्रेस और बेंगलुरु-हावड़ा एक्सप्रेस ट्रेन के पटरी से उतरने और एक मालगाड़ी से टकराने से जुड़े रेल हादसे में मृतक संख्या शनिवार को बढ़कर 288 हो गई। देश के सबसे भीषण रेल हादसों में से एक इस दुर्घटना में 800 से ज्यादा यात्री घायल हुए हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY