देश की खबरें | ओडिशा: गलवान घाटी में शहीद हुए दो सैनिकों के पार्थिव शरीर को उनके गांव ले जाया गया
जियो

भुवनेश्वर, 18 जून लद्दाख की गलवान घाटी में चीनी सैनिकों के साथ हुई हिंसक झड़प में शहीद हुए ओडिशा के दो सैनिकों के पार्थिव शरीर विशेष विमान से बृहस्पतिवार को यहां लाए गए।

मयूरभंज जिले के रायरंगपुर के निवासी नायब सूबेदार नंदूराम सोरेन और कंधमाल जिले के बीआरपंजा के रहने वाले चंद्रकांत प्रधान के पार्थिव शरीरों को लेकर जब विमान बीजू पटनायक हवाई अड्डे पर शाम को उतरा तब माहौल गमगीन हो गया।

यह भी पढ़े | मिजोरम में भूकंप का झटका, तीव्रता 5.0 मापी गई : 18 जून 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

देश की संप्रभुता और अखंडता और के लिए प्राण न्योछावर करने जवानों को श्रद्धांजलि देने के लिए हवाई अड्डे पर उपस्थित कई गणमान्य लोगों में राज्यपाल गणेशी लाल और मुख्यमंत्री नवीन पटनायक भी शामिल थे।

लाल और पटनायक ने तिरंगे में लिपटे उन ताबूतों पर पुष्प अर्पित किए जिसमें दिवंगत जवानों के पार्थिव शरीर रखे गए थे।

यह भी पढ़े | India-China Border Tension: रूस और चीन के साथ 23 जून को बैठक, भारत भी होगा शामिल.

शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए सेना, वायु सेना और नौसेना के अधिकारी और जवान उपस्थित थे।

इसके अलावा राज्य के कई मंत्री, सांसद, विधायक, वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को सम्मान गारद भी प्रस्तुत किया गया।

बाद में जवानों के पार्थिव शरीरों को अलग-अलग एम्बुलेंस के जरिये उनके गांव ले जाया गया जहां हाथ में तिरंगा लिए लोगों ने मार्ग में पुष्प वर्षा की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)