देश की खबरें | ओडिशा : विपक्षी गठबंधन के नेताओं ने सांसदों के निलंबन मामले में राष्ट्रपति से हस्तक्षेप की मांग की

भुवनेश्वर, 19 दिसंबर ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इनक्लूसिव अलायंस’ यानी ‘इंडिया’ के नेताओं ने संसद से 141 विपक्षी सांसदों के निलंबन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मंगलवार को हस्तक्षेप की मांग की।

विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के नेताओं ने मांग की कि सांसदों को शीतकालीन सत्र के शेष भाग में भाग लेने की अनुमति दी जाए।

संसद के दोनों सदनों में तख्तियां लहराने और नारे लगाने के आरोप में अब तक कुल 141 सांसदों को लोकसभा और राज्यसभा से निलंबित कर दिया गया है। सदन की कार्यवाही में बाधा डालने के आरोप में मंगलवार को 49 लोकसभा सदस्यों को निलंबित कर दिया गया।

ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (ओपीसीसी) के अध्यक्ष शरत पटनायक के नेतृत्व में ‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने विपक्षी सांसदों के निलंबन की कड़ी निंदा करते हुए राज्यपाल रघुबर दास के माध्यम से राष्ट्रपति को एक ज्ञापन सौंपा।

‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं ने अपने ज्ञापन में सांसदों के निलंबन को दुर्भाग्यपूर्ण और अलोकतांत्रिक करार देते हुए कहा कि यह लगभग एक अभूतपूर्व कदम था।

इन्होंने अपने ज्ञापन में कहा, ‘‘ बहस और चर्चा लोकतंत्र का एक प्रमुख सिद्धांत है। लेकिन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली मौजूदा केंद्र सरकार को संसद में कोई बहस और चर्चा पसंद नहीं है। ’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)