देश की खबरें | ओडिशा: सरकारी अस्पताल के आईसीयू से नवजात चोरी, दंपति गिरफ्तार

कटक, 28 सितंबर कटक के सरकारी एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) से एक नवजात की चोरी के प्रकरण को अदला-बदली का मामला बनाने की कोशिश करने वाले एक दंपति को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

कटक के पुलिस उपायुक्त पिनाक मिश्रा ने कहा कि नवजात सोमवार शाम को चोरी हुआ और दंपति को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने बताया, ‘‘मंगलवार को अस्पताल आने पर महिला को गिरफ्तार किया गया। महिला का कहना था कि उसने एक लड़के को जन्म दिया था, लेकिन सोमवार को छुट्टी के बाद घर पहुंचने पर उसे मालूम चला कि वह अपने साथ एक बच्ची घर ले गई है।

अधिकारी ने कहा कि महिला ने दावे को साबित करने के लिए अस्पताल से छुट्टी मिलने का प्रमाणपत्र भी पेश किया, लेकिन जांच में पता चला कि प्रमाण पत्र फर्जी था।

महिला को अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज में शिशु को लेकर आईसीयू से बाहर निकलते और गलियारे से नीचे जाते हुए देखा गया था।

उन्होंने कहा कि महिला यह दावा कर आईसीयू में घुसी कि उसके बच्चे का वहां इलाज चल रहा है और सुरक्षाकर्मी के मौजूद नहीं होने पर वह शिशु को लेकर भाग गई।

अस्पताल के प्रशासनिक अधिकारी अविनाश राउत ने बताया कि पुरी जिले की एक महिला ने रविवार को जुड़वां बेटियों को जन्म दिया। चूंकि दो शिशुओं में से एक को पीलिया था, तो उसे सोमवार शाम को इलाज के लिए आईसीयू में स्थानांतरित कर दिया गया।

हालांकि, घटना के दस मिनट के भीतर ही अस्पताल की नर्सों ने शोर मचाया कि आईसीयू से नवाजत बच्ची चोरी हो गई है।

राउत ने कहा कि कथित प्रमाणपत्र जांच में फर्जी पाया गया और जिस महिला ने इसे पेश किया था उसे प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती नहीं किया गया था।

पुलिस ने अस्पताल ने मंगलबाग थाने में लिखित शिकायत दर्ज करवाई थी, जिसके बाद दंपति को गिरफ्तार किया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)