भुवनेश्वर, चार जुलाई ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के निजी सचिव वी के पांडियन को मंगलवार को आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं की नाराजगी का सामना करना पड़ा। आप कार्यकर्ताओं ने सुबर्णपुर जिले की यात्रा के दौरान आईएएस अधिकारी के काफिले पर कथित तौर पर अंडे फेंके।
यह घटना कोटा समेली-उलुंडा रोड पर उस समय हुई, जब पांडियन का काफिला सुबर्णपुर शहर की ओर जा रहा था। वर्ष 2000 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी पांडियन पर विपक्षी दलों ने नौकरशाहों के लिए अखिल भारतीय सेवा नियमों का उल्लंघन करने और नेता की तरह कार्य करने का आरोप लगाया है।
इस बीच, आप की प्रदेश इकाई ने एक बयान में कहा कि विरोध के तौर पर अंडे फेंकना उसकी विचारधारा नहीं है। आप प्रवक्ता ने कहा, ‘‘अगर हमारी पार्टी के किसी व्यक्ति ने अंडे फेंके हैं, तो हम निश्चित रूप से इस संबंध में कार्रवाई करेंगे।’’
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस दोनों ने आईएएस अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कार्मिक, लोक शिकायत, पेंशन मंत्रालय के तहत कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) का रुख किया है।
अखिल भारतीय आचरण नियमों के मानदंडों का उल्लंघन करने के आरोप के बीच डीओपीटी ने ओडिशा के मुख्य सचिव को पत्र लिखकर अधिकारी के खिलाफ उचित कार्रवाई करने को कहा है। डीओपीटी का पत्र भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एम एम सामल और भुवनेश्वर की सांसद अपराजिता सारंगी द्वारा अधिकारी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के बाद आया है।
प्रदेश कांग्रेस की प्रचार समिति के प्रमुख और पूर्व मुख्य सचिव बिजय पटनायक ने भी डीओपीटी को एक पत्र लिखकर नियमों का उल्लंघन करने वाले आईएएस अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पांडियन ने जब 29 जून को जगतसिंहपुर जिले का दौरा किया, तो भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विरोध स्वरूप काले गुब्बारे छोड़े थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY