नयी दिल्ली, 23 जनवरी ओडिशा राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और मिजोरम के लुंगलेई दमकल केंद्र को आपदा प्रबंधन क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य हेतु केंद्रीय पुरस्कार से सम्मानित करने के लिए चुना गया है। दोनों को संस्थागत श्रेणी में यह पुरस्कार दिया जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सोमवार को यह घोषणा की।
उल्लेखनीय है कि आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में निस्वार्थ सेवा करने और अमूल्य योगदान देने वाले लोगों और संगठनों को सम्मानित करने के लिए (प्रधानमंत्री)नरेंद्र मोदी सरकार ने सुभाष चंद्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार की स्थापना की थी।
गृह मंत्रालय द्वारा जारी बयान में कहा गया कि वर्ष 2023 के लिए ओडिशा राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ओएसडीएमए) और मिजोरम स्थित लुंगलेई दमकल केंद्र (एलएफएस) को संस्थागत श्रेणी में इस पुरस्कार के लिए चुना गया है।
इस पुरस्कार की घोषणा 23 जनवरी को महान स्वतंतत्रा सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर की गई है।
बयान के मुताबिक पुरस्कार के तौर पर संस्था को 51 लाख रुपये और प्रशस्ति पत्र दिया जाता है जबकि व्यक्तिगत तौर पर पुरस्कार जीतने वाले को पांच लाख रुपये और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया जाता है।
मंत्रालय ने बताया कि गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देश ने आपदा प्रबंधन, तैयारियों, त्वरित कार्रवाई प्रणाली में उल्लेखनीय सुधार किया है जिससे प्राकृतिक आपदाओं के दौरान जान माल की हानि में उल्लेखनीय कमी आई है।
बयान के मुताबिक 2023 के सम्मान के लिए एक जुलाई 2022 से नामांकन प्राप्त हुए थे। कुल 274 वैध नामांकन संस्थाओं और लोगों से प्राप्त हुए थे।
गौरतलब है कि ओडिशा राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण का गठन 1999 में ताकतवर चक्रवाती तूफान के बाद किया गया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY