जाजपुर, 27 जनवरी ओडिशा के जाजपुर जिले में रविवार को कथित तौर पर विषैला फल खाने से कम से कम 10 आदिवासी बच्चे बीमार पड़ गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पांच से ग्यारह वर्ष आयुवर्ग के ये बच्चे धर्मशाला पुलिस सीमा के अंतर्गत स्थित अरुहा हतासाही में खेल रहे थे तभी उनकी नजर एक पेड़ पर पड़ी जिसमें फल लगे हुए थे। बच्चों ने फल खा लिए और कुछ देर में घर लौट आए। घर लौटने के बाद सभी बच्चों को उल्टियां होने लगी और पेट में दर्द भी होने लगा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बच्चों को पहले धर्मशाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, उनकी हालत बिगड़ने पर उन्हें कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जिस फल को खा कर बच्चे बीमार हुए हैं उसकी अभी पहचान नहीं हो पाई है। बच्चे अब भी बीमार हैं और वे चिकित्सकों को फल के बारे में ठीक से जानकारी नहीं दे पाए हैं।
घटना के बाद एक सार्वजनिक स्वास्थ्य सलाह जारी की गई है, जिसमें लोगों से अपरिचित फलों का सेवन करने से बचने और विषाक्तता का कोई भी लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सा सहायता लेने का आग्रह किया गया है।
एक वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा, ‘‘ बच्चों की तबीयत धीरे-धीरे ठीक हो रही है लेकिन वे यह बताने में असमर्थ हैं कि उन्होंने कौन सा फल खाया है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY