देश की खबरें | असंतुष्ट नहीं, परली से 2024 का विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी शुरू : पंकजा मुंडे

औरंगाबाद (महाराष्ट्र), पांच अक्टूबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता पंकजा मुंडे ने बुधवार को कहा कि वह पद नहीं मिलने से कतई असंतुष्ट नहीं हैं और परली सीट से 2024 का महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी जल्द शुरू करेंगी।

भाजपा के दिग्गज नेता दिवंगत गोपीनाथ मुंडे की बेटी पंकजा मुंडे ने बीड जिले के सांवरगांव घाट पर अपनी परंपरागत दशहरा रैली को संबोधित करते हुए यह बात कही।

उन्होंने कहा, "संघर्ष हर किसी के जीवन का हिस्सा है। यहां तक कि छत्रपति शिवाजी महाराज को भी संघर्ष करना पड़ा। स्वर्गीय गोपीनाथ मुंडे को अपने पूरे राजनीतिक जीवन में संघर्ष करना पड़ा। वह केवल साढ़े चार साल के लिए सरकार में आए।"

पंकजा ने कहा कि वह जनसंघ के विचारक दीनदयाल उपाध्याय की विरासत को आगे बढ़ा रही हैं।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने उनकी पिछली दशहरा रैलियों में लोगों की भीड़ देखी थी और उनसे इन लोगों के लिए काम करने को कहा था।

महाराष्ट्र सरकार में पूर्व मंत्री ने कहा, "लोग सोचते हैं कि उनके नेता को कुछ मिलना चाहिए और इसमें कुछ भी गलत नहीं है। मैं 2019 के विधानसभा चुनावों के बाद से ही कोई पद नहीं संभाल रही हूं, लेकिन मैं असंतुष्ट नहीं हूं।"

हालांकि, भाजपा नेता ने स्पष्ट किया कि वह परली से फिर से चुनाव लड़ना चाहती हैं, जहां उनके चचेरे भाई और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (भाजपा) के नेता धनंजय मुंडे ने उन्हें पिछली बार हराया था।

उन्होंने कहा, "लेकिन पार्टी संगठन किसी भी व्यक्ति से ऊपर है। मैं किसी से असंतुष्ट नहीं हूं। अगर पार्टी ने मुझे टिकट दिया तो मैं 2024 के चुनाव की तैयारी शुरू कर दूंगी।"

पंकजा मुंडे 2014 से 2019 के बीच राज्य में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली सरकार में कैबिनेट मंत्री थीं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)