देश की खबरें | दिल्ली विकास प्राधिकरण पर उत्तर और दक्षिण दिल्ली नगर निगम का दो हजार करोड़ से अधिक का बकाया

नयी दिल्ली, 23 जनवरी आम आदमी पार्टी ने शनिवार को दावा किया कि केंद्र सरकार के अधीन आने वाले दिल्ली विकास प्राधिकरण पर भाजपा शाषित उत्तर और दक्षिण दिल्ली नगर निगम का दो हजार करोड़ रुपये से अधिक का बकाया है।

आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुये पार्टी के पास उपलब्ध कुछ दस्तावेजों का हवाला दिया और दावा किया कि विभिन्न मदों में उत्तर दिल्ली नगर निगम का दिल्ली विकास प्राधिकरण पर 31 मार्च 2018 तक 857 करोड़ रुपये के करीब बकाया है ।

उन्होंने यह भी दावा किया कि इस बकाये का 2021 में समानुपातिक मूल्य 1200 करोड़ रुपये बैठता है।

प्रवक्ता ने बताया, ‘‘इसी प्रकार का दक्षिण दिल्ली नगर निगम का दिल्ली विकास प्राधिकरण पर 535 करोड़ रुपये का बकाया है। अगर हम इन सभी का हिसाब लगायें तो दोनों नगर निगमों का डीडीए पर दो हजार करोड़ रुपये से अधिक का बकाया है ।’’

भारद्वाज ने कहा कि आम आदमी पार्टी की मांग है कि भाजपा को तत्काल यह बताना चाहिये कि उन्होंने डीडीए से यह धन क्यों नहीं लिया क्योंकि एमसीडी और डीडीए दोनों भाजपा के अधीन है।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी जानना चाहती है कि दिल्ली भाजपा प्रमुख आदेश गुप्ता ने यह धन डीडीए से लेने के लिये कौन सा कदम उठाया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)