जरुरी जानकारी | नोएडा पावर कंपनी को बिजली वितरण इकाइयों की सूची में ‘ए’ रेटिंग

नयी दिल्ली, 17 अप्रैल बिजली मंत्रालय की वित्त वर्ष 2021-22 के लिए जारी विद्युत वितरण कंपनियों की रैंकिंग में नोएडा पावर कंपनी लिमिटेड (एनपीसीएल) ने 'ए' रेटिंग हासिल की है।

आरपी संजीव गोयनका समूह और ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण की संयुक्त उद्यम कंपनी एनपीसीएल ने सोमवार को एक बयान में कहा कि यह रेटिंग विभिन्न मानकों मसलन परिचालन और वित्तीय प्रदर्शन, नियामक अनुपालन, ग्राहक सेवा और ऊर्जा दक्षता पर आधारित है।

नोएडा पावर कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पी आर कुमार ने कहा, ''बिजली मंत्रालय से मिला यह सम्मान हमें और बेहतर प्रदर्शन करने तथा ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में अपने उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराए जाने वाली सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए प्रोत्साहित करेगी।''

एनपीसीएल ग्रेटर नोएडा में बिजली वितरण करती है।

बिजली मंत्रालय की 2021-22 की वितरण कंपनियों की उपभोक्ता सेवा रेटिंग शीर्षक से हाल में जारी रिपोर्ट में 70 वितरण कंपनियों को शामिल किया गया है। इसमें 12 वितरण कंपनियां शामिल नहीं हुई। यानी कुल 58 वितरण कंपनियों में से नौ को ‘ए’ रेटिंग दी गयी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)