नोएडा (उप्र), 13 जून गौतम बौद्ध नगर के पुलिस आयुक्त आलोक सिंह और जिलाधिकारी सुहास एल यतिराज ने सोमवार को विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं के साथ शांति बैठक की और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में उनका सहयोग मांगा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
जिले के शीर्ष दो अधिकारियों द्वारा यह अंतर-धार्मिक बैठक राज्य के कुछ हिस्सों में हाल में सांप्रदायिक विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर इस तरह के सार्वजनिक संपर्क अभियानों के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के बाद हुई है।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, यतिराज और सिंह दोनों ने 250 धार्मिक नेताओं और विभिन्न समूहों के प्रतिष्ठित व्यक्तियों से दिल्ली से सटे जिले में सांप्रदायिक सद्भाव और शांति बनाए रखने में उन्हें सहयोग करने की अपील की।
धर्मगुरुओं के माध्यम से एक विशेष अपील में सिंह ने युवाओं से कहा कि ‘‘ऐसा कोई भी कार्य नहीं करें जो कानून के खिलाफ हो’’, अन्यथा उन्हें ‘‘कड़ी कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा जो उनके परिवार और भविष्य को नुकसान पहुंचाएगा’’।
संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून और व्यवस्था) लव कुमार, डीसीपी (मुख्यालय) भारती सिंह, नोएडा के डीसीपी राजेश एस, सेंट्रल नोएडा हरीश चंदर और ग्रेटर नोएडा मीनाक्षी कात्यायन भी नोएडा सेक्टर 108 में आयुक्त कार्यालय में आयोजित बैठक में शामिल हुए।
बयान के अनुसार, ‘‘पुलिस आयुक्त आलोक सिंह ने धर्मगुरुओं को सूचित किया कि पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लोगों की ऑनलाइन गतिविधियों की बारीकी से निगरानी कर रही है। अगर कोई आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करता है तो उसके खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी।’’
उन्होंने धार्मिक स्थलों के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगवाने, किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने, अफवाह फैलाने का प्रयास करने वालों की सूचना तुरंत पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों को देने और अपने-अपने धर्म के लोगों के साथ बैठक कर बातचीत करने के लिए कहा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY