Noida Shocker: घरेलू सहायिका ने आत्महत्या की, प्रेमी के खिलाफ मुकदमा दर्ज
जनपद गौतमबुद्ध नगर के थाना बिसरख क्षेत्र स्थित एक सोसाइटी में काम करने वाली घरेलू सहायिका ने मंगलवार सुबह को कथित तौर पर 19वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली.
नोएडा (उप्र), 3 अप्रैल : जनपद गौतमबुद्ध नगर के थाना बिसरख क्षेत्र स्थित एक सोसाइटी में काम करने वाली घरेलू सहायिका ने मंगलवार सुबह को कथित तौर पर 19वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली. इस मामले में पीड़िता की मां की तरफ से उसके (मृतका) प्रेमी के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने की धारा में मुकदमा दर्ज कराया गया है. इस घटना को लेकर सैकड़ो लोगों ने सोसाइटी के बाहर आज दोपहर से शाम तक जमकर हंगामा किया.
इसमें कुछ नेता और सोसाइटी में काम करने वाले घरेलू सहायक और सहायिकाएं शामिल रहीं. पुलिस के काफी समझाने के बाद धरना प्रदर्शन समाप्त हुआ. अपर पुलिस उपायुक्त (जोन द्वितीय) ह्रदेश कठेरिया ने बताया कि सोसाइटी में काम करने वाली कुमारी आंचल (20) ने आज सुबह को सोसाइटी की 19वीं मंजिल से छलांग लगा दी. इस घटना में उसकी मौत हो गई. उन्होंने बताया कि आंचल सोसाइटी के 8वीं मंजिल पर रहने वाले एक व्यक्ति के घर में काम करती थी. यह भी पढ़ें : दिल्ली हाईकोर्ट में जवाबी दाखिल हलफनामे में ED ने एजेंसी की हिरासत पर सीएम केजरीवाल की अनापत्ति अर्जी का हवाला दिया
कठेरिया ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि मृतका ने सोसाइटी में काम करने वाले सिक्योरिटी गार्ड का मोबाइल फोन लेकर मोनू नामक युवक से बात की थी और उससे बात करने के बाद वह तनाव में आ गई तथा उसने आत्महत्या कर ली. उन्होंने बताया कि मृतका के परिजनों ने पुलिस को बताया कि मोनू विजयनगर में रहता है तथा आंचल के साथ उसका काफी दिनों से प्रेम संबंध था.
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 03, 2024 01:12 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

