एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | डॉलर के मुकाबले रुपये में कोई बदलाव नहीं, 82.70 पर स्थिर बंद

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 82.70 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर अपरिवर्तित रुख के साथ बंद हुआ। कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों से निवेशकों की कारोबारी धारणा प्रभावित हुई।

जरुरी जानकारी | डॉलर के मुकाबले रुपये में कोई बदलाव नहीं, 82.70 पर स्थिर बंद

नयी दिल्ली, एक सितंबर अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 82.70 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर अपरिवर्तित रुख के साथ बंद हुआ। कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों से निवेशकों की कारोबारी धारणा प्रभावित हुई।

हालांकि, रुपये को मजबूत वृहद आर्थिक आंकड़ों के कारण शेयर बाजारों में सकारात्मक कारोबारी धारणा से समर्थन मिला।

शुक्रवार को जारी एक सर्वेक्षण के अनुसार, भारत में विनिर्माण गतिविधियों में अगस्त में तेजी आई क्योंकि नए ऑर्डर और उत्पादन लगभग तीन साल में सबसे तेज दर से बढ़े।

मौसमी रूप से समायोजित एसएंडपी ग्लोबल इंडिया मैन्युफैक्चरिंग परचेजिंग मैनेजर्स इंडेक्स (पीएमआई) जुलाई के 57.7 से बढ़कर अगस्त में 58.6 हो गया।

बृहस्पतिवार को जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार देश की जीडीपी (सकल घरेलू उत्पाद) वृद्धि दर वित्त वर्ष 2023-24 की अप्रैल-जून तिमाही में 7.8 प्रतिशत रही। यह पिछली चार तिमाहियों में सबसे अधिक है। इसके साथ भारत ने दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था के रूप में अपनी स्थिति बरकरार रखा है।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 82.58 पर खुला। दिन में कारोबार के दौरान यह 82.76 के निचले स्तर को छूने के बाद अंत में अपने पिछले बंद भाव 82.70 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर अपरिवर्तित बंद हुआ।

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.02 प्रतिशत घटकर 103.60 रह गया।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 1.08 प्रतिशत बढ़कर 87.77 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर कारोबार कर रहा था।

बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों पर आधारित सूचकांक 555.75 अंक की तेजी के साथ 65,387.16 अंक पर बंद हुआ।

विदेशी संस्थागत निवेशक पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे और उन्होंने बृहस्पतिवार को 2,973.10 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Sep 01, 2023 06:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).