देश की खबरें | निशिकांत दुबे ने झारखंड के मंत्री का फोन पर किसी महिला के साथ कथित बातचीत का वीडियो साझा किया

रांची, 23 अप्रैल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद निशिकांत दुबे ने एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर साझा की है, जिसमें कांग्रेस नेता एवं झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता एक महिला के साथ फोन पर कथित तौर पर ‘‘अश्लील’’ बातचीत करते नजर आ रहे हैं।

मंत्री ने वीडियो को ‘‘फर्जी और छेड़छाड़’’ किया हुआ करार देते हुए कहा कि उनके राजनीतिक विरोधियों ने उनकी छवि खराब करने के लिए इसे प्रसारित किया है।

मंत्री ने एक बयान में कहा कि यह एक साजिश का हिस्सा है और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।

गुप्ता ने कहा, ‘‘मैंने इस संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज कराई है और पुलिस जल्द ही इसकी जांच करेगी... मैं उन लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करूंगा, जिन्होंने मुझे फंसाने की कोशिश की है।’’

दुबे ने अपने ट्विटर हैंडल पर 19 सेकंड की क्लिप पोस्ट की और लिखा, ‘‘यह है

कांग्रेस का चरित्र, झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता जी का यह तथाकथित माजरा है। महिलाओं की इज्जत से खेलना, कांग्रेस कार्यकर्ता सुशील शर्मा का अपनी पत्नी को तंदूर में जलाना, काश गांधी परिवार समझ पाता, यदि यह सही है तो कांग्रेस के लिए डूब मरने वाली बात है।’’

गोड्डा से सांसद दुबे ने ‘पीटीआई-’ से कहा, ‘‘एक निजी समाचार पोर्टल से प्राप्त वीडियो मेरे पास है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)