पणजी, 16 अक्टूबर गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बुधवार को कहा कि हिंसा की कुछ घटनाओं के मद्देनजर पुलिस ने राज्य के तटीय क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ा दी है।
वह हाल ही में उत्तरी गोवा के कालंगुट पुलिस थाने में घटी मारपीट की घटनाओं का जिक्र कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार, तीन चिकित्सकों के एक समूह पर स्थानीय झोपड़ियों में रहने वाले श्रमिकों ने कथित तौर पर हमला कर दिया था जबकि दूसरी घटना में एक क्लब के सुरक्षा गार्ड ने दो स्थानीय युवकों पर हमला किया।
सावंत ने यहां संवाददाताओं से कहा कि इन मामलों के सभी आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने राज्य के गृह विभाग की समीक्षा बैठक की और अधिकारियों से कड़े इंतजाम करने को कहा है ताकि हिंसा की ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।’’
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘तटीय क्षेत्र में पुलिस द्वारा रात्रि गश्त बढ़ा दी गई है। आमतौर पर, एक पुलिस थाने के 20 प्रतिशत कर्मचारी रात्रि पाली में तैनात होते हैं। लेकिन तटीय क्षेत्र में स्थित पुलिस थानों के कुल 40 प्रतिशत कर्मचारी रात्रि ड्यूटी पर होंगे।’’
उन्होंने कहा कि तटीय क्षेत्र में नियमों के अनुसार रात 10 बजे के बाद बाहर तेज आवाज में संगीत बजाने की अनुमति नहीं दी जाएगी, जबकि इनडोर स्थलों पर उनके लाइसेंसिंग नियमों के अनुसार संगीत बजाने की अनुमति होगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY