देश की खबरें | नाइक की सेहत में अच्छा सुधार, घाव भर रहे हैं: जीएमसीएच डीन
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

पणजी, 16 जनवरी केंद्रीय मंत्री श्रीपद नाइक की सेहत में अच्छा सुधार हो रहा है और उनके घाव भर रहे हैं। यह जानकारी गोवा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की ओर से शनिवार को जारी एक स्वास्थ्य बुलेटिन में दी गई।

केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री नाइक (68) इस सप्ताह की शुरुआत में पड़ोसी राज्य कर्नाटक में एक सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे। दुर्घटना में उनकी पत्नी और एक सहायक की मृत्यु हो गई थी।

जीएमसीएच के डीन डॉ. शिवानंद बांदेकर ने बुलेटिन में कहा, ‘‘उनका रक्तचाप, पल्सरेट और ऑक्सीजन स्तर सहित सभी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य मानक सामान्य सीमा के भीतर हैं।’’

बुलेटिन में बांदेकर के हवाले से कहा, ‘‘उनके घाव पहले से बेहतर हैं और अच्छी तरह से ठीक हो रहे हैं। अब उन्हें अब अर्ध तरल आहार देना शुरू किया गया है।’’

जीएमसीएच डीन ने कहा कि नाइक की बिस्तर पर फिजियोथैरेपी की जा रही है।

इससे पहले दिन में, केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर और गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने नाइक से मुलाकात की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)