मंगलुरु, 28 जून राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने पिछले साल दक्षिण कन्नड़ जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के युवा मोर्चे के नेता प्रवीण नेत्तारू की हत्या के मामले में फरार तीन संदिग्ध आरोपियों के घरों की सघन तलाशी ली। एनआईए ने बुधवार को यहां यह जानकारी दी।
एनआईए ने एक विज्ञप्ति में कहा कि कोडागु में दो जबकि दक्षिण कन्नड़ में एक स्थान पर छापेमारी की गई।
अधिकारियों ने कहा कि कोडागु जिले में अब्दुल नासिर, अब्दुल रहमान और दक्षिण कन्नड़ में नौशाद के घरों की तलाशी के दौरान विभिन्न इलेक्ट्रोनिक उपकरण और दस्तावेज जब्त किए गए।
नेत्तारू की पिछले साल 26 जुलाई को दक्षिण कन्नड़ जिले की सुल्लिया तालुक के बेल्लारी गांव में हत्या कर दी गई थी। इस मामले में प्रतिबंधित संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) के कार्यकर्ता आरोपी हैं।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि जिन तीन व्यक्तियों के घरों की तलाशी ली गई, उन पर प्रवीण नेत्तारू हत्याकांड के मुख्य हमलावरों को कर्नाटक और तमिलनाडु के विभिन्न ठिकानों पर शरण देने का संदेह है। तीनों के अलावा, मामले में पांच अन्य आरोपी अब भी फरार हैं। एनआईए ने अगस्त 2022 में इस मामले की जांच अपने हाथ में ले ली थी।
एनआईए ने यूएपीए, आईपीसी और शस्त्र अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत दायर आरोपपत्र में अब तक भगोड़ों सहित कुल 21 लोगों को नामजद किया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY