नयी दिल्ली, चार जुलाई राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने पाकिस्तान-प्रायोजित मादक पदार्थ आतंक मामले में गिरफ्तार दो भाइयों के पंजाब के अमृतसर जिले में स्थित घरों को कुर्क किया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
मादक पदार्थ आतंक मामले में नशीले पदार्थों की तस्करी से अर्जित धन का इस्तेमाल आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए किया जाता है।
एनआईए के एक प्रवक्ता ने बताया कि बिक्रमजीत सिंह उर्फ विक्की और उसके भाई मनिंदर सिंह उर्फ मणि की आवासीय संपत्ति गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम (यूएपीए) के तहत कुर्क की गई है ।
उन्होंने कहा कि दोनों आरोपियों को पहले ही इस मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है।
एनआईए मामले में 13 आरोपियों के खिलाफ तीन पूरक आरोपपत्र सहित चार आरोपपत्र दाखिल कर चुकी है, जिसमें यूएपीए, स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम और भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की संबंधित धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं।
वर्ष 2020 में पंजाब पुलिस ने यह मामला दर्ज किया था। आठ मई 2020 को मामले की जांच एनआईए ने अपने हाथ में ले ली थी।
प्रवक्ता ने बताया कि यह मामला पाकिस्तान से भारी मात्रा में मादक पदार्थों की तस्करी कर भारत लाए जाने की एक साजिश से संबंधित है और यह साजिश एक ‘‘नार्को टेरर मॉड्यूल’’ ने रची थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY