देश की खबरें | एनजीटी ने 2022 में विभिन्न पर्यावरणीय मुद्दों पर आदेश पारित किये, कई राज्यों पर लगाया जुर्माना

नयी दिल्ली, 30 दिसंबर राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने 2022 में विभिन्न पर्यावरणीय मुद्दों पर आदेश पारित किये और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने के लिए कई राज्यों पर भारी जुर्माना भी लगाया।

अधिकरण ने नगरपालिका ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (एमएसडब्ल्यू) नियम, 2016 और अन्य पर्यावरणीय मुद्दों का पालन न करने के लिए कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों पर कार्रवाई की।

अधिकरण ने ठोस और तरल अपशिष्ट के उचित प्रबंधन की कमी के लिए महाराष्ट्र सरकार को 12,000 करोड़ रुपये का पर्यावरणीय मुआवजा और तेलंगाना सरकार को 3,800 करोड़ रुपये का भुगतान करने का आदेश दिया।

पर्यावरणीय क्षति को लेकर अधिकरण ने पश्चिम बंगाल को 3,500 करोड़ रुपये, राजस्थान पर 3,000 करोड़ रुपये, कर्नाटक पर 2,900 करोड़ रुपये, पंजाब पर 2,180 करोड़ रुपये और उत्तर प्रदेश पर 100 करोड़ रुपये के जुर्माने का भुगतान करने को कहा।

इसने नागालैंड सरकार पर 200 करोड़ रुपये, मिजोरम सरकार पर 50 करोड़ रुपये और केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर के प्रशासन पर 32 करोड़ रुपये का जुर्माना भी लगाया।

पश्चिम बंगाल ने पूरे 3,500 करोड़ रुपये भर दिये, उच्चतम न्यायालय राजस्थान के बचाव में आया और जुर्माने पर रोक लगा दी।

खबरों का संज्ञान लेते हुए, अधिकरण नगरपालिका ठोस अपशिष्ट (एमएसडब्ल्यू) नियमों के उल्लंघन के मुद्दों से निपटा, जिनके परिणामस्वरूप पर्यावरण और सार्वजनिक स्वास्थ्य को नुकसान हुआ।

अप्रैल में लुधियाना डंप साइट के पास आग लगने से सात लोगों की मौत के बारे में खबरें आने पर कार्रवाई करते हुए अधिकरण ने कहा कि वैज्ञानिक रूप से 30 लाख मीट्रिक टन (एमटी) से अधिक ठोस कचरे के निस्तारण में चूक हुई जिससे मीथेन सहित खतरनाक गैसें निकली और भूजल भी दूषित हुआ।

एनजीटी ने लुधियाना नगर निगम पर 100 करोड़ रुपये के जुर्माने सहित कई आदेश पारित किए, जिनमें से 57.5 लाख रुपये पीड़ितों के परिजनों को दिए जाने थे।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कचरे के विशाल ढेर और भलस्वा कूड़े के ढेर पर बार-बार आग लगने की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए एनजीटी ने एक करोड़ मीट्रिक टन से अधिक ठोस कचरे को ठीक से संभालने में विफलता को उल्लेखित किया।

यह कहते हुए कि शासन की कमी के कारण नागरिकों को आपातकालीन स्थिति का सामना करने की अनुमति नहीं दी जा सकती, इसने दिल्ली सरकार को ठोस नगरपालिका कचरे के अनुचित प्रबंधन के लिए पर्यावरणीय मुआवजे के रूप में 900 करोड़ रुपये का भुगतान करने का निर्देश दिया।

अवैध बालू खनन के मामलों में, अधिकरण ने जुर्माना लगाने के अलावा ड्रोन सर्वेक्षण करने और ऐसी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से प्रतिबंधित करने के आदेश जारी किए।

इस साल अधिकरण ने पर्यावरणीय मुआवजा और आवश्यक अनुमति के बिना भूजल निकालने वाली निर्माण कंपनियों के खिलाफ निषेधात्मक आदेश भी दिए।

अधिकरण ने ईंट भट्ठों, स्टोन क्रशर और हॉट मिक्स प्लांट के संचालन के कारण परिवेशी वायु गुणवत्ता में गिरावट की शिकायतों पर आदेश पारित किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)