एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | मुंबई में 31 अगस्त और एक सितंबर को हो सकती है विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की अगली बैठक

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. विपक्ष के 26 दलों के गठबंधन 'इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) की अगली बैठक मुंबई में 31 अगस्त और एक सितंबर को हो सकती है।

देश की खबरें | मुंबई में 31 अगस्त और एक सितंबर को हो सकती है विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की अगली बैठक

नयी दिल्ली, चार अगस्त विपक्ष के 26 दलों के गठबंधन 'इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) की अगली बैठक मुंबई में 31 अगस्त और एक सितंबर को हो सकती है।

सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पहले यह बैठक अगस्त के आखिरी सप्ताह में होनी थी, लेकिन कुछ नेताओं ने अपने व्यस्त कार्यक्रमों का हवाला देते हुए उपलब्ध होने में असमर्थता जताई।

विपक्षी गठबंधन के एक वरिष्ठ नेता ने बताया, ‘‘हमारे गठबंधन की अगली बैठक मुंबई में 31 अगस्त और एक सितंबर को होगी। 31 अगस्त को विपक्षी नेताओं के लिए रात्रिभोज रखा गया है। एक सितंबर को दिन में औपचारिक बैठक होगी और फिर शाम के समय संयुक्त संवाददाता सम्मेलन होगा।’’

सूत्रों ने बताया कि यह बैठक पवई इलाके के एक होटल में होनी है।

ऐसा पहली बार होगा कि 'इंडिया' के घटक दलों की बैठक ऐसे किसी राज्य में होने वाली है, जहां इनमें से कोई भी पार्टी सत्ता में नहीं है।

विपक्षी दलों की पहली बैठक 23 जून को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनकी पार्टी जनता दल (यूनाइटेड) द्वारा पटना में आयोजित की गई थी। दूसरी बैठक 17-18 जुलाई को बेंगलुरु में आयोजित की गई थी और इसकी मेजबानी कर्नाटक में सत्तारूढ़ कांग्रेस ने की थी।

मुंबई की बैठक इस मायने में भी महत्वपूर्ण होगी कि उसमें इस गठबंधन के किसी संयोजक के नाम पर फैसला हो सकता है और समन्वय समिति का भी गठन हो सकता है। इसके साथ ही इसी बैठक में 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए सीट के तालमेल के संदर्भ में भी कोई रूपरेखा तैयार की जा सकती है।

विपक्ष के 26 दलों ने अगले लोकसभा चुनाव के लिए अपनी चुनावी बिसात बिछाने का आगाज करते हुए गत 18 जुलाई को ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस (इंडिया)’ नाम से नए गठबंधन की घोषणा की थी ।

उन्होंने कहा था कि यह ‘इंडिया’ 2024 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पराजित करेगा।

इस बैठक में कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, राकांपा प्रमुख शरद पवार, तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख एवं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, बिहार के मुख्यमंत्री एवं जनता दल (यू) के शीर्ष नेता नीतीश कुमार, द्रमुक नेता एवं तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन, राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव, शिवसेना (यूबीटी) के प्रमुख उद्धव ठाकरे, झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता एवं झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, आम आदमी पार्टी के नेता एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव और कुछ अन्य नेता शामिल हुए थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 04, 2023 06:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).