देश की खबरें | जलवायु संबंधी चुनौतियों के प्रति भारत की प्रतिक्रिया को उजागर करने के लिए नया अभियान

नयी दिल्ली, 18 जुलाई एक नयी पहल के तहत ‘प्लैनेट इंडिया’ नामक अभियान के जरिये जलवायु परिवर्तन और प्रकृति संबंधी चुनौतियों के प्रति भारत की प्रतिक्रिया को जमीनी स्तर के नवोन्मेष के साथ रेखांकित किया जाएगा।

इस अभियान की रूपरेखा आर्थिक मंच ‘पीपुल लाइक अस क्रिएट’ (प्लक टीवी) और ‘स्टूडियो सिल्वरबैक’ ने तैयार की है। ब्रिटिश प्रसारक डेविड एटनबरो द्वारा वर्णित वृत्तचित्र श्रृंखला ‘ऑवर प्लैनेट’ और ‘ए लाइफ ऑन ऑवर प्लैनेट’ के पीछे भी यही टीम थी।

एक विज्ञप्ति में कहा गया कि यह अभियान नयी दिल्ली में जी-20 शिखर सम्मेलन से पहले शुरू किया जाएगा और इसके तहत देशभर के 20 करोड़ लोगों समेत विश्वभर के लोगों तक पहुंचने का प्रयास जाएगा।

इसके तहत हर एक को उसकी अनोखी ‘प्लैनेट इंडिया स्टोरी’ को साझा करने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।

इस अभियान के आयोजक इसके बारे में आगे का ब्योरा यहां पांच सितंबर को इसे शुरू करने के अवसर पर देंगे।

‘प्लक टीवी’ के संस्थापक और सीईओ तमसील हुसैन ने कहा कि यह अपने तरह का सबसे बड़ा और कहानी परोसने का सर्वाधिक नवोन्मेषी अभियान होगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)