जरुरी जानकारी | नेस्ले इंडिया का मार्च तिमाही का मुनाफा 24.7 प्रतिशत बढ़कर 736.64 करोड़ रुपये पर

नयी दिल्ली, 25 अप्रैल दैनिक उपभोग का सामान बनाने वाली कंपनी नेस्ले इंडिया लिमिटेड का 31 मार्च, 2023 को समाप्त पहली तिमाही का शुद्ध लाभ 24.69 प्रतिशत बढ़कर 736.64 करोड़ रुपये रहा है।

कंपनी जनवरी-दिसंबर के वित्त वर्ष का अनुसरण करती है। पिछले वर्ष समान तिमाही में उसे 590.77 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था।

कंपनी ने शेयर बाजारों को बताया कि समीक्षाधीन अवधि में उसकी शुद्ध बिक्री 20.43 प्रतिशत बढ़कर 4,808.40 करोड़ रुपये रही है जो पिछले वर्ष समान तिमाही में 3,962.84 करोड़ रुपये थी।

नेस्ले इंडिया के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक सुरेश नारायणन ने कहा, ‘‘ इस तिमाही में भी बिक्री में अच्छी वृद्धि जारी रही है, जिसका दाम और बिक्री के बीच संतुलन समेत व्यापक आधार है।’’

बीते दस साल में यह किसी भी तिमाही में नेस्ले इंडिया की सर्वाधिक वृद्धि है। नारायणन ने कहा, ‘‘हमारे सभी उत्पाद समूहों ने दहाई अंक में वृद्धि की है जो लगातार चार तिमाहियों से जारी है।’’

मार्च तिमाही में कंपनी का परिचालन राजस्व 20.98 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 4,830.53 करोड़ रुपये रहा है।

जनवरी-मार्च तिमाही में कंपनी का कुल व्यय 20.61 प्रतिशत बढ़कर 3,873.76 करोड़ रुपये रहा है। पिछले वर्ष समान अवधि में यह 3,211.78 करोड़ रुपये था।

नेस्ले इंडिया की घरेलू बिक्री 21.18 प्रतिशत बढ़कर 4,612.73 करोड़ रुपये रही। 2022 की जनवरी-मार्च तिमाही में यह 3,806.20 करोड़ रुपये थी।

जिसों पर दबाव के बावजूद कंपनी के दुग्ध उत्पाद एवं पोषण श्रेणी ने दहाई अंक की मजबूत वृद्धि दर्ज की। वहीं इसके कॉफी व्यवसाय नेस्कैफे ने मार्च तिमाही में सर्वाधिक बाजार हिस्सेदारी दर्ज की।

कंपनी का नियार्त 24.91 प्रतिशत बढ़कर 195.67 करोड़ रुपये रहा है जो एक साल पहले समान तिमाही में 156.64 करोड़ रुपये था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)