काठमांडू,19 मई नेपाल के विदेश मंत्री एन पी सउद ने शुक्रवार को अपने पूर्ववर्तियों से मुलाकात की और प्रधानमंत्री पुष्प कमल दाहाल ‘‘प्रचंड’’ की प्रस्तावित भारत यात्रा के संभावित एजेंडे पर चर्चा की।
मंत्री से जुड़े सूत्रों ने यह जानकारी दी। प्रचंड की भारत यात्रा आंतरिक कारणों से तीन बार टल चुकी है।
पिछले साल दिसंबर में तीसरी बार प्रधानमंत्री का पद संभालने के बाद भारत की यह उनकी पहली विदेश यात्रा होती।
विदेश मंत्री के एक सहयोगी ने बताया कि सउद ने पूर्व विदेश सचिवों तथा पूर्व नेपाली राजनयिकों के साथ बृहस्पतिवार को बातचीत की। सूत्रों ने बताया कि बैठक के दौरान जल संसाधन, व्यापार, वाणिज्य, सीमा, पर्यटन आदि से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।
सउद ने पिछले महीने नेपाल के विदेश मंत्री के रूप में शपथ ली थी।
सूत्रों ने कहा कि हालांकि प्रधानमंत्री की आगामी भारत यात्रा की तारीख अभी तय नहीं हुई है, ‘‘प्रचंड’’ के जून में भारत की यात्रा पर जाने की संभावना है।
हालांकि, नेपाल के विदेश मंत्रालय ने अभी आधिकारिक तौर पर यात्रा की तारीख और कार्यक्रम की घोषणा नहीं की है। इससे पहले सरकार मई के दूसरे से तीसरे हफ्ते के बीच ‘‘प्रचंड’’ के भारत दौरे की तैयारियों में जुटी थी।
‘‘प्रचंड’’ पिछले साल जुलाई में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा के निमंत्रण पर भारत आए थे। उन्होंने पिछले साल 26 दिसंबर को तीसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY