काठमांडू, 12 जून नेपाल के प्युठान जिले में सोमवार को एक कार के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने की घटना में तीन बच्चों सहित कम से कम आठ लोगों की मौत हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि इस हादसे में मारे गये सात लोगों की पहचान कर ली गई है, जिनमें तीन महिलाएं, एक पुरुष और तीन बच्चे शामिल हैं, जबकि आठवें नाबलिग की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने बताया कि सभी तीर्थयात्री जिले के प्रसिद्ध पहाड़ी चोटी स्वर्गद्वारी मंदिर से लौट रहे थे, तभी उनका वाहन भिंगरी के पास सड़क से नीचे गिर गया।
पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद सभी तीर्थयात्री कार के भीतर फंस गये थे, जिसे बाहर निकालने के लिये अधिकारियों ने कड़ी मशक्कत की।
प्युठान जिला अस्पताल की कार्यवाहक चिकित्सा अधीक्षक प्रमिला खनाल ने कहा कि अस्पताल लाए गए सभी आठ लोगों को मृत घोषित कर दिया गया।
‘काठमांडू पोस्ट’ समाचार पत्र के मुताबिक, पुलिस ने चालक की पहचान लमही नगर पालिका -5 निवासी तारा बहादुर कुमल (49) के रूप में की है।
इसके अलावा, सरिता शर्मा (35), उनके नौ और 14 वर्ष के दो बच्चे, गोविंदा शाह (40), उनकी पत्नी राधा शाह (30) और उनके नौ वर्ष के एक बेटे की भी इस हादसे में मौत हो गई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY