अहमदाबाद,17 जुलाई राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू रविवार दोपहर को अहमदाबाद पहुंचीं और उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों तथा अन्य दल के नेताओं से मुलाकात की।
मुर्मू के अहमदाबाद हवाई अड्डे पर पहुंचने पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल और भाजपा की राज्य इकाई के प्रमुख सी आर पाटिल ने उनकी अगवानी की। मुर्मू सोमवार को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में समर्थन मांगने के लिए यहां आई हैं।
यहां एक होटल में भाजपा विधायकों और अन्य दल के नेताओं से बातचीत के दौरान मंच पर उनके साथ मुख्यमंत्री पटेल और पाटिल मौजूद थे।
कुछ विधायकों ने कहा कि वे इस बात से प्रसन्न हैं कि राजग की ओर से राष्ट्रपति पद के लिए एक महिला उम्मीदवार हैं, जो आदिवासी समुदाय से ताल्लुक रखती हैं और वे सुनिश्चित करेंगे की उन्हें भारी मतों से जीत मिले।
पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने कहा, ‘‘ मेरा मानना है कि यह हम सबके लिए गर्व का क्षण है।’’
उन्होंने कहा,‘‘ गुजरात से भाजपा के सभी विधायक राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए आदिवासी समुदाय की एक महिला के उम्मीदवार होने को लेकर उत्साहित हैं। वे सुनिश्चित करेंगे कि उन्हें भारी मतों से जीत मिले।’’
गौरतलब है कि इससे पहले मुर्मू को बुधवार को गुजरात आना था, लेकिन राज्य में भारी बारिश के कारण उनकी यात्रा स्थगित कर दी गयी थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY