नयी दिल्ली, 24 जून राष्ट्रीय महिला आयोग ने बुधवार को गुजरात पुलिस को उस कांस्टेबल के विरूद्ध कठोर कार्रवाई करने को कहा, जिसने एक बैंक के कर्मचारियों को धमकी दी और एक महिला कर्मचारी की कथित तौर पर पिटाई की।
राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने स्वत: संज्ञान लेते हुए कहा कि उसने सोशल मीडिया पर स्तब्ध कर देने वाला एक वीडियो देखा, जिसमें एक पुलिसकर्मी एक बैंक के कर्मचारियों को धमकी दे रहा है और कथित तौर एक महिला कर्मचारी को पीटते दिख रहा है।
यह भी पढ़े | कोरोना के मुंबई के धारावी में 10 नए मरीज पाए गए: 24 जून 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इस विषय में शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की, जिसके बाद आरोपी पुलिस कांस्टेबल घनश्याम शयोरा को निलंबित कर दिया गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
बैंक अधिकारियों के मुताबिक यह घटना सोमवार को सूरत जिले में केनरा बैंक की सरोली शाखा में हुई थी।
उन्होंने बताया कि कांस्टेबल सादे कपड़ों में बैंक में आया और महिला कर्मचारी से अपना पासबुक अपडेट करने कहा। जब उसे यह बताया गया कि प्रिंटर खराब है, तब उसने महिला कर्मचारी को अपशब्द कहे और उसे थप्पड़ मारने तथा धक्का देने लगा।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर फैल गया।
आयोग ने एक बयान में कहा कि वह महिला बैंक कर्मचारी के साथ की गई कथित बर्बरता की कड़ी निंदा करता है, जो महज अपना काम कर रही थी।
बयान में कहा गया है, ‘‘ आयोग यह दोहराता है कि प्रत्येक महिला गरिमापूर्ण जीवन और कार्यस्थल पर सुरक्षा की हकदार है। आयोग ने गुजरात पुलिस महानिदेशक को पत्र लिख कर इस विषय की तुरंत जांच करने और दोषी के खिलाफ विरूद्ध कठोर कार्रवाई करने को कहा है। ’’
आयोग ने पुलिस से कहा है कि इस मामले में की गई कार्रवाई से उसे यथाशीघ्र अवगत कराया जाए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY