PSL 2026 Update: ईंधन संकट और सुरक्षा कारणों से बिना दर्शकों के खेला जाएगा पाकिस्तान सुपर लीग, सिर्फ 2 शहरों में होंगे मैच

PSL 2026 Latest News: पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 को लेकर बड़ा फैसला सामने आया है. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने घोषणा की है कि इस बार पूरा टूर्नामेंट बिना दर्शकों के यानी खाली स्टेडियम में खेला जाएगा. इतना ही नहीं, पहले जहां टूर्नामेंट को छह शहरों में आयोजित किया जाना था, अब इसे घटाकर सिर्फ दो शहरों—लाहौर और कराची—तक सीमित कर दिया गया है. यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है जब पाकिस्तान गंभीर ईंधन संकट और बढ़ते क्षेत्रीय तनाव का सामना कर रहा है. सरकार और सुरक्षा एजेंसियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक के बाद यह कदम उठाया गया है ताकि देश में संसाधनों पर दबाव कम किया जा सके और टूर्नामेंट को सुरक्षित तरीके से आयोजित किया जा सके. यह भी पढ़ें: PSL 2026 Schedule, Free PDF Download Online: पीएसएल 2026 शेड्यूल जारी, 8 टीमों के साथ पहली बार होगा टूर्नामेंट, बस एक क्लिक पर देखें शेड्यूल और अन्य अहम जानकारी

पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि मौजूदा हालात को देखते हुए यह निर्णय लेना जरूरी था. खासतौर पर मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और उसके चलते वैश्विक सप्लाई चेन पर असर पड़ने से पाकिस्तान में ईंधन की कमी गहराती जा रही है.

लाहौर और कराची तक सीमित हुआ टूर्नामेंट

पहले यह लीग मुल्तान, रावलपिंडी, पेशावर और फैसलाबाद समेत छह शहरों में होनी थी. लेकिन अब सभी मैच लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम और कराची के नेशनल स्टेडियम में खेले जाएंगे. इससे टीमों और उपकरणों के ट्रांसपोर्टेशन में लगने वाले संसाधनों को कम किया जा सकेगा.

ओपनिंग सेरेमनी भी रद्द

पीसीबी ने 26 मार्च को होने वाली ओपनिंग सेरेमनी को भी रद्द कर दिया है. हालांकि, पहला मुकाबला तय कार्यक्रम के अनुसार लाहौर में खेला जाएगा, लेकिन स्टेडियम खाली रहेगा.

ईंधन संकट और सुरक्षा बना बड़ा कारण

सरकार ने ईंधन की बचत के लिए लोगों की आवाजाही कम करने पर जोर दिया है. मिडिल ईस्ट संकट के चलते पेट्रोल की कीमतों में करीब 20% तक बढ़ोतरी हुई है और कई जगहों पर राशनिंग भी लागू की गई है. इसके अलावा पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर बढ़ते तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है.

फ्रेंचाइजी को होगा मुआवजा

खाली स्टेडियम में मैच होने से टिकट की कमाई पूरी तरह खत्म हो जाएगी. ऐसे में पीसीबी ने सभी फ्रेंचाइजी को होने वाले नुकसान की भरपाई करने का आश्वासन दिया है. बोर्ड का कहना है कि देश की आर्थिक स्थिति को देखते हुए यह फैसला जरूरी था.